Dev Deepawali 2026: देवताओं की दीपावली यानी देव दीपावली जी हां इस बार देव दीपावली को लेकर लोगों में काफी असमंजस बना हुआ है। आखिर किस दिन देव दीपावली के दिए जलाएं? क्योंकि इस बार कार्तिक पूर्णिमा के शुभ अवसर पर काशी समेत देशभर के मंदिरों और गंगा घाटों पर दीप जलाए जाएंगे। इस साल तिथियों में काफी ज्यादा बदलाव देखा गया है।
ग्रह नक्षत्रों की सटीक गणना के हिसाब से धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक इस दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध किया था। इसी विजय की खुशी में देवताओं ने दीपोत्सव मनाया था। अगर आप भी देव दीपावली पर पूजा, गंगा स्नान और दीपदान की तैयारी कर रहे हैं, तो जानिए इसकी सही तारीख, शुभ मुहूर्त और पूजा की पूरी विधि।
देव दीपावली 2026 कब है?
हिंदू पंचांग के अनुसार, इस वर्ष देव दीपावली मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को मनाई जाएगी। यह पर्व हर साल कार्तिक महीने की पूर्णिमा तिथि को मनाया जाता है। वाराणसी में देव दीपावली की शाम को गंगा घाटों पर विशेष दीपदान और गंगा आरती का आयोजन होता है।
देव दीपावली की पूर्णिमा तिथि
पूर्णिमा तिथि प्रारंभ: 23 नवंबर 2026, रात 11:42 बजे
पूर्णिमा तिथि समाप्त: 24 नवंबर 2026, रात 8:23 बजे
दिन: मंगलवार
पर्व: कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली
देव दीपावली का शुभ मुहूर्त
काशी यानी वाराणसी के लिए द्रिक पंचांग के अनुसार दीपदान का प्रदोषकाल मुहूर्त इस प्रकार है:
प्रदोषकाल दीपदान: शाम 5:08 बजे से 7:47 बजे तक
कुल अवधि: 2 घंटे 39 मिनट
इस दौरान गंगा घाटों, मंदिरों और घरों में दीप जलाना शुभ माना जाता है।
देव दीपावली का धार्मिक महत्व
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक असुर का वध किया था। इसी कारण भगवान शिव को त्रिपुरारी भी कहा जाता है और इस पूर्णिमा को त्रिपुरारी पूर्णिमा के नाम से जाना जाता है। मान्यता है कि त्रिपुरासुर पर भगवान शिव की विजय का उत्सव मनाने के लिए देवता स्वर्ग से काशी आए थे और दीप जलाए थे। इसी परंपरा के चलते इस पर्व को देव दीपावली कहा जाता है।
देव दीपावली पर ऐसे करें पूजा
देव दीपावली के दिन श्रद्धालु सुबह से लेकर शाम तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान करते हैं।
सुबह जल्दी उठकर स्नान करें। संभव हो तो पवित्र नदी में स्नान करें।
स्वच्छ वस्त्र धारण करके भगवान शिव, भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा करें।
पूजा स्थल पर दीपक जलाकर धूप, फूल और फल अर्पित करें।
शाम के समय घर के मुख्य द्वार, मंदिर और तुलसी के पौधे के पास दीपक जलाएं।
गंगा नदी या किसी पवित्र जलाशय के किनारे श्रद्धानुसार दीपदान करें।
भगवान शिव की आरती करें और जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र तथा धन का दान करें।
देव दीपावली पर दीपदान का विशेष महत्व
देव दीपावली पर दीपदान को विशेष पुण्यकारी माना जाता है। वाराणसी में दशाश्वमेध घाट, अस्सी घाट और अन्य गंगा घाटों पर लाखों दीपक जलाए जाते हैं। शाम को होने वाली भव्य गंगा आरती इस पर्व का प्रमुख आकर्षण होती है।
कहां देखें देव दीपावली का भव्य नजारा?
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में देव दीपावली का उत्सव विशेष रूप से प्रसिद्ध है। यहां गंगा के दोनों किनारों पर स्थित घाटों को दीपों से सजाया जाता है। इसके अलावा मंदिरों, कुंडों और सार्वजनिक स्थानों पर भी दीपोत्सव मनाया जाता है।