ब्रेकअप के बाद अचानक बाल छोटे करवा लेना या नया हेयरस्टाइल अपनाना आपने भी कई बार देखा होगा। पहले फिल्मों में इस तरह के सीन देखने को मिलते थे, लेकिन अब असल जिंदगी में भी लोग ऐसा करने लगे हैं। आज के समय में ब्रेकअप के बाद हेयरकट करवाना सिर्फ लुक बदलने का तरीका नहीं, बल्कि खुद को नई शुरुआत देने का एक जरिया बनता जा रहा है।
रिश्ता टूटने के बाद जहां पहले लोग अकेले रहना पसंद करते थे, वहीं अब कई युवा खुद पर ध्यान देने, अपनी पसंद को समझने और खोया हुआ आत्मविश्वास वापस पाने की कोशिश करते हैं। इसी सोच को हाल ही में एक स्ट्रीट-साइड मेकओवर पॉप-अप में भी देखा गया, जहां लोगों ने अपनी ब्रेकअप स्टोरी साझा की और नए हेयरकट के साथ नई शुरुआत की।
बदल रहा है आज का डेटिंग कल्चर
आज की युवा पीढ़ी ब्रेकअप को जिंदगी का अंत मानने के बजाय आगे बढ़ने का मौका समझ रही है। अब लोगों के लिए खुद की खुशी, मानसिक सुकून और आत्मसम्मान ज्यादा मायने रखने लगे हैं। कई युवा मानते हैं कि किसी रिश्ते से बाहर आने के बाद सबसे जरूरी है खुद को समय देना और अपनी देखभाल करना।
रिश्तों में भी अब लोग साफ बातचीत और अपनी भावनाओं को खुलकर जाहिर करने को अहमियत दे रहे हैं। ऐसे में हेयरकट एक छोटे से बदलाव से कहीं ज्यादा बन गया है। यह खुद को यह समझाने का तरीका है कि पुरानी बातों को पीछे छोड़कर जिंदगी में आगे बढ़ना है।
मनोविज्ञान भी इस बदलाव को समझने में मदद करता है। ब्रेकअप के बाद इंसान सिर्फ अपने पार्टनर को ही नहीं खोता, बल्कि कई बार अपनी पहचान को लेकर भी उलझन महसूस करने लगता है। प्रकाशित एक रिसर्च के मुताबिक, रिश्ता खत्म होने के बाद व्यक्ति की खुद को समझने और अपनी पहचान को लेकर स्पष्टता कम हो सकती है। ऐसे समय में अपने लुक में बदलाव करना खुद को नए तरीके से पहचानने की एक कोशिश हो सकती है।
हेयरकट से मिलता है अपने फैसले लेने का एहसास
ब्रेकअप के दौरान कई बार ऐसा लगता है कि जिंदगी की चीजें अपने कंट्रोल में नहीं हैं। आप किसी दूसरे इंसान की सोच या फैसले नहीं बदल सकते, लेकिन अपने लिए क्या करना है, यह जरूर तय कर सकते हैं। यही वजह है कि कुछ लोग ब्रेकअप के बाद नया हेयरकट करवाते हैं। किसी के लिए छोटे बाल करवाना जरूरी बदलाव होता है, तो कोई नया हेयर कलर या बिल्कुल अलग स्टाइल अपनाता है। इससे उन्हें महसूस होता है कि अब वे अपनी जिंदगी के फैसले खुद ले रहे हैं। भले ही यह बदलाव देखने में छोटा लगे, लेकिन कई लोगों के लिए यह आत्मविश्वास वापस पाने और खुद को संभालने का एक अच्छा तरीका बन सकता है।
ये भी पढ़ें- Moringa Soup Recipe: सर्दियों में जरूर पिएं मोरिंगा का सूप, स्वाद के साथ सेहत का भी रखेगा ख्याल
नया हेयरकट यानी नई शुरुआत का एहसास
हमारे बाल हमारी पर्सनैलिटी और लुक का अहम हिस्सा होते हैं। इसलिए जब जिंदगी में कोई बड़ा बदलाव आता है, तो उसका असर कई बार हमारे हेयरस्टाइल पर भी दिखाई देता है। ब्रेकअप के बाद नया हेयरकट करवाना भी इसी सोच से जुड़ा है। यह अपने पुराने दौर को पीछे छोड़ने और एक नई शुरुआत करने का प्रतीक बन सकता है। कई लोग अपने बदले हुए लुक के जरिए खुद को और दूसरों को यह बताना चाहते हैं कि अब वे जिंदगी में आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं।
हालांकि, सिर्फ बाल कटवा लेने से ब्रेकअप का दर्द खत्म नहीं होता, लेकिन अगर यह छोटा सा बदलाव किसी को बेहतर महसूस कराता है और खुद पर ध्यान देने की प्रेरणा देता है, तो इसमें बुरा क्या है? आखिरकार, असली ग्लो अप सिर्फ लुक बदलने में नहीं, बल्कि खुद को दोबारा खुश और मजबूत बनाने में है।