चीन की बड़ी कार निर्माता कंपनी BYD को यूरोप में कानूनी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। नीदरलैंड की एक अदालत ने कंपनी की प्लग-इन हाइब्रिड SUV BYD Ti7 को लेकर बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने इस गाड़ी के डिजाइन को Land Rover Defender से मिलता-जुलता मानते हुए पूरे यूरोपीय संघ (EU) में इसके आयात और बिक्री पर रोक लगाने का आदेश दिया है।

यह मामला लग्जरी कार निर्माता Jaguar Land Rover (JLR) की शिकायत से जुड़ा है। कंपनी का आरोप था कि BYD ने अपनी Ti7 SUV का डिजाइन तैयार करते समय Defender के रजिस्टर्ड यूरोपीय डिजाइन की नकल की है। आइए जानते हैं कि अदालत ने इस मामले में क्या फैसला दिया और BYD को नियमों का उल्लंघन करने पर कितना जुर्माना देना पड़ सकता है।

आखिर क्यों लगा BYD Ti7 पर बैन?

द हेग की जिला अदालत में मामले की सुनवाई के दौरान गाड़ी के बाहरी डिजाइन की तुलना Land Rover Defender से की गई। अदालत के मुताबिक, BYD ने SUV के कुछ हिस्सों में बदलाव जरूर किए हैं, लेकिन इसके बावजूद दोनों गाड़ियों का ओवरऑल लुक काफी मिलता-जुलता है।

कोर्ट ने खास तौर पर Ti7 के बॉक्सी डिजाइन, गोल किनारों, C-पिलर पर दिए गए खास पैनल, पहियों के आसपास की बनावट और पीछे लगे स्पेयर व्हील जैसी खूबियों पर ध्यान दिया। अदालत का मानना था कि इन बदलावों के बावजूद BYD Ti7, Defender के 2018 में रजिस्टर्ड यूरोपीय डिजाइन से काफी अलग नहीं दिखती। इसी आधार पर डिजाइन अधिकारों के उल्लंघन का मामला बनता है।

यूरोप में किन कामों पर रहेगी रोक?

अदालत के आदेश के मुताबिक, फैसला लागू होने के एक सप्ताह बाद BYD के लिए यूरोपीय संघ में Ti7 से जुड़े कई काम करना प्रतिबंधित होगा। इसमें गाड़ी का निर्माण, आयात, बिक्री, स्टॉक रखना और उसका प्रचार करना शामिल है। यानी कंपनी फिलहाल यूरोपीय बाजार में इस SUV को सामान्य तरीके से पेश नहीं कर पाएगी। हालांकि, इस फैसले का असर ब्रिटेन पर नहीं पड़ेगा, क्योंकि वह अब यूरोपीय संघ का हिस्सा नहीं है। ऐसे में ब्रिटेन में जनवरी 2027 से शुरू होने वाली Ti7 की डिलीवरी इस आदेश के दायरे में नहीं आएगी।

नियम तोड़ने पर कितना देना होगा जुर्माना?

अदालत ने प्रतिबंध का पालन करवाने के लिए आर्थिक जुर्माने का भी प्रावधान रखा है। अगर BYD आदेश का उल्लंघन करती है तो उसे हर दिन 1 लाख यूरो का जुर्माना देना पड़ सकता है। इसके अलावा, एक बार उल्लंघन किए जाने पर 25,000 यूरो का जुर्माना भी तय किया गया है। इस मामले में कुल जुर्माने की अधिकतम सीमा 1 करोड़ यूरो रखी गई है। इसका मतलब है कि अगर कंपनी अदालत के आदेश को नजरअंदाज करती है तो उसे भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

ये भी पढ़ें- दिसंबर में लॉन्च होंगी ये 5 शानदार गाड़ियां, Fortuner से लेकर Honda की इलेक्ट्रिक SUV तक होंगी शामिल; जानिए कीमत और फीचर्स

क्या BYD पर हमेशा के लिए लगा रहेगा बैन?

फिलहाल इस फैसले को अंतिम फैसला नहीं माना गया है। यह एक शुरुआती कानूनी आदेश है। Jaguar Land Rover को स्थायी प्रतिबंध के लिए मुख्य मुकदमा शुरू करने के लिए छह महीने का समय दिया गया है। अगर JLR इस तय समय में आगे कानूनी कार्रवाई नहीं करती है तो मौजूदा अस्थायी प्रतिबंध खत्म हो सकता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि BYD इस फैसले के खिलाफ क्या कदम उठाती है और Jaguar Land Rover इस मामले को आगे किस तरह ले जाती है।