उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग के लिए आज का दिन बेहद खास है। क्योंकि आज 23 नवंबर को उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग अपना पुलिस झंडा दिवस मना रहा है। आज इसे 74 वर्ष पूरे हो चुके हैं। यह दिन प्रदेश पुलिस के गौरवशाली इतिहास, शौर्य, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना का प्रतीक है। इसी दिन वर्ष 1952 में तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस को पुलिस ध्वज प्रदान किया था। इस सम्मान को हासिल करने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य पुलिस बल बना था। यूपी पुलिस के डीजीपी ने इसे लेकर एक बयान दिया है। जिसमें उन्होंने कहा है पुलिस के लिए यह सम्मान की बात है।
क्या कुछ बोले डीजीपी
उत्तर प्रदेश के DGP राजीव कृष्ण ने कहा, 1952 में इसी तारीख को तत्कालीन प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश पुलिस को ध्वज और कलर प्रदान किया था। उत्तर प्रदेश पुलिस देश का पहला पुलिस बल था जिसे यह सम्मान मिला। यह दिन हमें हमारे कर्तव्यों, हमारे लक्ष्यों और उन उद्देश्यों की याद दिलाता है जिन्हें हासिल करने के लिए हम निरंतर प्रयास करते हैं। इस अवसर पर मैं सभी पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को धन्यवाद देता हूं और उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। मुझे उम्मीद है कि उत्तर प्रदेश पुलिस, नागरिकों की सुरक्षा के लिए और अपराधियों के मन में भय पैदा करने के लिए जिस प्रकार से कार्य कर रही है, वो उसी भावना के साथ दोगुनी शक्ति के साथ आगे बढ़ती रहेगी।
#WATCH | लखनऊ: उत्तर प्रदेश के DGP राजीव कृष्ण ने कहा, "...1952 में इसी तारीख को तत्कालीन प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश पुलिस को ध्वज और कलर प्रदान किया था। उत्तर प्रदेश पुलिस देश का पहला पुलिस बल था जिसे यह सम्मान मिला। यह दिन हमें हमारे कर्तव्यों, हमारे लक्ष्यों और उन उद्देश्यों की याद दिलाता है जिन्हें हासिल करने के लिए हम निरंतर प्रयास करते हैं। इस अवसर पर मैं सभी पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को धन्यवाद देता हूं और उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। मुझे उम्मीद है कि उत्तर प्रदेश पुलिस, नागरिकों की सुरक्षा के लिए और अपराधियों के मन में भय पैदा करने के लिए जिस प्रकार से कार्य कर रही है, वो उसी भावना के साथ दोगुनी शक्ति के साथ आगे बढ़ती रहेगी..."
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 23, 2026
क्यों मनाया जाता है यूपी पुलिस झंडा दिवस?
साल 1952 में 23 नवंबर को यूपी पुलिस को उसके अच्छे कामों और बेहतरीन सेवाएं देने के लिए पुलिस कलर यानी पुलिस ध्वज प्रदान किया गया था। इसी ऐतिहासिक उपलब्धि की याद में हर वर्ष 23 नवंबर को पुलिस झंडा दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर पुलिस मुख्यालय से लेकर जिलों के पुलिस कार्यालयों और थानों तक पुलिस ध्वज फहराया जाता है। पुलिसकर्मी ध्वज को सलामी देकर अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठा और समर्पण का संकल्प दोहराते हैं।
पुलिस झंडा दिवस का महत्व?
पुलिस ध्वज किसी भी पुलिस बल की पहचान और सम्मान का प्रतीक होता है। उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए यह दिन अपने गौरवशाली इतिहास, वीरता और जनसेवा की परंपरा को याद करने का अवसर है। इस दिन पुलिसकर्मियों को वरिष्ठ अधिकारियों का संदेश सुनाया जाता है। साथ ही उन्हें ईमानदारी, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ जनता की सुरक्षा करने की प्रेरणा दी जाती है।
पुलिस सुधारों पर आधारित पुस्तक 'संघर्ष' का हुआ विमोचन
उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी और पद्मश्री से सम्मानित प्रकाश सिंह की पुस्तक 'संघर्ष' का विमोचन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1 अक्टूबर 2026 को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में किया था। यह किताब प्रकाश सिंह के करीब 35 वर्षों के पुलिस सेवा अनुभवों और पुलिस सुधारों से जुड़े विचारों पर आधारित है। इसमें पुलिस व्यवस्था की चुनौतियों, अनुभवों और सुधार की जरूरतों को सामने रखा गया है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 87 अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहनों को हरी झंडी दिखाई थी। साथ ही 16 पुलिसकर्मियों को राष्ट्रपति वीरता पदक और 10 पुलिसकर्मियों को मुख्यमंत्री वीरता पदक से सम्मानित किया गया था।
सेवा, दक्षता और पराक्रम का संदेश
उत्तर प्रदेश पुलिस का आदर्श वाक्य 'सेवा, दक्षता एवं पराक्रम' है। पुलिस झंडा दिवस इसी भावना को आगे बढ़ाने का अवसर है। यह दिन याद दिलाता है कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून लागू करना नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा, सहायता और विश्वास बनाए रखना भी है। पुलिस झंडा दिवस पर प्रदेश पुलिस के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के योगदान को याद किया जाता है।
यह भी पढ़ें: क्या सब ठीक है? ओपी राजभर ने अखिलेश पर कसा तंज