Gen Z Old Social Media Trends: आज के दौर में सोशल मीडिया का मतलब इंस्टाग्राम रील्स, वायरल ट्रेंड्स, लाइक्स और फॉलोअर्स बनकर रह गया है। हर कोई अपनी ऑनलाइन पहचान को बेहतर बनाने और ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है। लेकिन इसी बीच जेनरेशन Z (Gen Z) के कई युवा इंटरनेट के पुराने दौर को याद कर रहे हैं। उन्हें पुराने इंस्टाग्राम फिल्टर्स, फेसबुक मीम्स और यूट्यूब के मजेदार वीडियो का समय ज्यादा पसंद आ रहा है। सवाल है कि आखिर ऐसा क्यों है?
कम था दिखावे और लाइक्स का दबाव
सोशल मीडिया के शुरुआती दौर में लोग अपनी जिंदगी के छोटे-छोटे पल दोस्तों के साथ साझा करने के लिए तस्वीरें और वीडियो पोस्ट करते थे। उस समय हर पोस्ट पर मिलने वाले लाइक्स और कमेंट्स को इतनी गंभीरता से नहीं लिया जाता था। तस्वीरों में गलतियां होना या बिना ज्यादा एडिटिंग के फोटो शेयर करना आम बात थी।
इसके उलट, आज कई यूजर्स फोटो पोस्ट करने से पहले फिल्टर, एडिटिंग, कैप्शन और पोस्टिंग टाइम तक का ध्यान रखते हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर परफेक्ट दिखने का दबाव भी बढ़ गया है।
पुराने मीम्स और वीडियो की अलग थी दुनिया
फेसबुक के मजेदार मीम्स, पुराने इंस्टाग्राम फिल्टर्स और यूट्यूब के वायरल वीडियो इंटरनेट कल्चर का अहम हिस्सा हुआ करते थे। उस दौर में मनोरंजन के लिए कंटेंट बनाने के बजाय उसे दोस्तों के साथ शेयर करने पर ज्यादा जोर था। आज भी कई पुराने मीम्स और वीडियो दोबारा सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं। इससे पता चलता है कि इंटरनेट का पुराना अंदाज लोगों के बीच अब भी लोकप्रिय है।
पुरानी यादें देती हैं मानसिक सुकून
अमेरिकन साइकोलॉजिकल एसोसिएशन (APA) के एक लेख के मुताबिक, अमेरिका में जेन जी के करीब दो-तिहाई युवाओं का मानना है कि पुरानी यादें उन्हें भविष्य को लेकर होने वाली चिंता से निपटने में मदद करती हैं। यही वजह है कि पुराने इंटरनेट और उससे जुड़ी यादों के प्रति युवाओं का लगाव केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है।
क्या सोशल मीडिया पर बढ़ गया है गंभीरता का दबाव?
आज सोशल मीडिया मनोरंजन के साथ-साथ करियर, पर्सनल ब्रांडिंग और पहचान बनाने का माध्यम भी बन चुका है। ऐसे में कई युवाओं को इसका पुराना दौर ज्यादा सहज और मजेदार लगता है। हालांकि, पूरी जेन जी की पसंद एक जैसी नहीं है, लेकिन पुराने इंटरनेट कल्चर की लोकप्रियता बताती है कि डिजिटल दुनिया में आज भी लोग सादगी, असलियत और बिना किसी दबाव के मस्ती करना चाहते हैं।
ये भी पढ़ें: ठंड में पेट साफ नहीं होता? कहीं आप भी तो नहीं कर रहे ये गलतियां!