कहते हैं कि आवश्यकता ही आविष्कार की जननी है। जब इंसान किसी समस्या का समाधान खोजने की ठान लेता है, तो वह सीमित संसाधनों में भी बड़ा कमाल कर सकता है। इसकी एक शानदार मिसाल कर्नाटक के मंगलुरु शहर में देखने को मिली है।
अनोखे जुगाड़ का वीडियो वायरल
यहां एक स्थानीय बाइक मैकेनिक ने अपनी मोटरसाइकिल को ही चलता-फिरता पंचर सर्विस सेंटर बना दिया है। सोशल मीडिया पर इस अनोखे जुगाड़ का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग उसके हुनर की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
View this post on Instagram
बाइक पर मौजूद है पंचर बनाने का पूरा इंतजाम
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि इस शख्स ने अपनी मोटरसाइकिल पर एयर कंप्रेसर, पंचर रिपेयर किट, जरूरी टूल्स और लाइट समेत तमाम उपकरण बेहद व्यवस्थित तरीके से लगा रखे हैं। इसकी मदद से वह सड़क पर कहीं भी जरूरत पड़ने पर तुरंत पहुंचकर गाड़ियों के टायर का पंचर ठीक कर सकता है।
मोबाइल पंचर सर्विस लोगों के लिए होगा मददगार!
अक्सर हाईवे या सुनसान रास्तों पर गाड़ी का टायर पंचर होने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार वाहन को घसीटकर मैकेनिक तक ले जाना पड़ता है। ऐसे में यह मोबाइल पंचर सर्विस लोगों के लिए काफी मददगार साबित हो सकती है। खास बात यह है कि इसमें ग्राहक को अपनी गाड़ी कहीं ले जाने की जरूरत नहीं पड़ती, बल्कि मैकेनिक खुद मौके पर पहुंचता है।
दिल्ली-NCR समेत बड़े शहरों में फ्रेंचाइजी का ऑफर
इस अनोखे बिजनेस आइडिया ने सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींचा है। पोस्ट साझा करने वाले यूजर ने दिल्ली-NCR, बेंगलुरु, मुंबई, हैदराबाद और जयपुर जैसे शहरों में भी इस मॉडल को शुरू करने का ऑफर दिया है। दावा किया गया है कि लोगों को बिना बाइक में निवेश किए स्कूटर उपलब्ध कराए जा सकते हैं, ताकि वे इस तरह की मोबाइल पंचर सर्विस शुरू कर सकें।
सोशल मीडिया पर लोग कर रहे हैं तारीफ
वीडियो देखने के बाद लोग इसे भारतीय जुगाड़ और आत्मनिर्भरता की बेहतरीन मिसाल बता रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि रात के समय या हाईवे पर पंचर होने की स्थिति में ऐसी सेवा किसी वरदान से कम नहीं होगी। वहीं कई लोगों ने सुझाव दिया कि इस तरह की मोबाइल सर्विस हर बड़े शहर में शुरू होनी चाहिए।
ये भी पढ़ें: दीवाली पर मिठाई खरीदने से पहले सावधान! मिलावटी मिठाई बन सकती है जानलेवा