Viral Story: सोशल मीडिया पर चाय का कप हाथ में लेकर जोर-जोर से हंसने वाले लड़के का वीडियो आपने भी जरूर देखा होगा। इस लड़के की हंसी आज मीम्स और मजेदार वीडियो का हिस्सा बन चुकी है। लेकिन इस वायरल चेहरे के पीछे संघर्ष की ऐसी कहानी है, जो आपको भावुक कर देगी। तेलंगाना के रहने वाले अरुण कुमार, जिन्हें आज 'लाफिंग बॉय' के नाम से जाना जाता है, कभी परिवार का पेट पालने के लिए ट्रक क्लीनर का काम करते थे।
चौथी कक्षा के बाद छूट गई पढ़ाई
अरुण कुमार का बचपन आर्थिक तंगी में बीता। परिवार की परिस्थितियां ऐसी थीं कि चौथी कक्षा के बाद उन्हें पढ़ाई छोड़नी पड़ी। जिस उम्र में बच्चे स्कूल जाकर अपना भविष्य संवारने के सपने देखते हैं, उस उम्र में अरुण परिवार की जिम्मेदारियां उठाने के लिए मजदूरी करने लगे।
आर्थिक मजबूरी ने उन्हें कम उम्र में ही काम की दुनिया में धकेल दिया। इसी दौरान उनकी मुलाकात नेहरू नाम के एक ट्रक ड्राइवर से हुई, जिन्होंने अरुण को अपने साथ ट्रक पर क्लीनर का काम दिया। दोनों साथ सफर करते थे और खाली समय में सोशल मीडिया के लिए वीडियो भी बनाते थे।
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी की सभा में तेजस्वी यादव को न्योता, नीतीश सेतु के उद्घाटन पर साझा करेंगे मंच?
चाय की थड़ी पर रिकॉर्ड हुआ वीडियो बना पहचान
अरुण की जिंदगी में बदलाव उस समय आया, जब वह नेशनल हाईवे के किनारे एक चाय की दुकान पर बैठे थे। चाय पीते हुए किसी बात पर अरुण जोर-जोर से हंसने लगे। उनकी हंसी इतनी स्वाभाविक और मजेदार थी कि नेहरू ने उसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया। देखते ही देखते अरुण की हंसी इंटरनेट पर वायरल हो गई। फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर उनके वीडियो और हंसी के क्लिप्स मीम्स का हिस्सा बनने लगे। आज उनकी हंसी किसी भी मजेदार वीडियो के अंत में इस्तेमाल होने वाला लोकप्रिय मीम बन चुकी है।
यह भी पढ़ें: सिगरेट की लत पड़ सकती है भारी, COPD के इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज
वायरल होने के बाद पूरी की अधूरी पढ़ाई
अरुण की जिंदगी में सोशल मीडिया की लोकप्रियता ने आर्थिक बदलाव भी लाए। वायरल होने के बाद उन्हें कंटेंट क्रिएशन के अवसर मिलने लगे। लेकिन उनकी कहानी की सबसे खास बात सिर्फ लोकप्रियता और कमाई नहीं, बल्कि पढ़ाई की ओर उनकी वापसी है।
जिस बच्चे को गरीबी के कारण स्कूल छोड़ना पड़ा था, उसने दोबारा पढ़ाई शुरू की और इसी साल मार्च में दसवीं की परीक्षा पास की। अरुण की यह उपलब्धि बताती है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी मुश्किल हों, आगे बढ़ने का रास्ता हमेशा खुला रहता है।
ट्रक ड्राइवर और क्लीनर से कंटेंट क्रिएटर तक
आज अरुण और नेहरू मिलकर सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाते हैं और ब्रांड्स के साथ भी काम कर रहे हैं। कभी ट्रक पर क्लीनर की नौकरी करने वाले अरुण अब अपनी वायरल पहचान के जरिए नई जिंदगी बना रहे हैं।
सोशल मीडिया पर उनकी कहानी को लोग खूब पसंद कर रहे हैं। उनकी हंसी आज करोड़ों लोगों को मनोरंजन देती है, लेकिन उनके संघर्ष की कहानी यह भी याद दिलाती है कि किसी की जिंदगी बदलने के लिए कभी-कभी एक छोटा सा वीडियो और एक सही मौका ही काफी होता है।
यह भी पढ़ें: केक काटने के लिए चुकाने पड़े 10,600 रुपये, फूड इंफ्लुएंसर का वीडियो वायरल; बिल देखकर यूजर्स हैरान