Noida: नोएडा के हरनंदी क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान बिजली निगम की टीम ने एक बड़े अवैध बिजली नेटवर्क का खुलासा किया है। सेक्टर-123 के डूब क्षेत्र स्थित अंबेडकर सिटी कॉलोनी में जांच के दौरान एक ऐसे कनेक्शन का पता चला, जिससे करीब 150 घरों में अवैध रूप से बिजली की सप्लाई की जा रही थी। आरोप है कि इन घरों में निजी मीटर लगाकर लोगों से बिजली के नाम पर रकम भी वसूली जा रही थी।

200 किलोवाट के कनेक्शन से 150 घरों तक पहुंच रही थी बिजली

बिजली निगम की टीम ने कार्रवाई के दौरान एक घर में 200 किलोवाट का कनेक्शन पकड़ा। जांच में सामने आया कि इस कनेक्शन के जरिए पूरी कॉलोनी के करीब 150 घरों को बिजली दी जा रही थी। अधिकारियों के अनुसार, कई घरों में निजी मीटर लगाए गए थे। आरोप है कि बिजली उपलब्ध कराने के बदले सभी घर से 300 रुपये मीटर फिक्स चार्ज और 11 रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से रकम ली जा रही थी। निगम की टीम ने मौके पर कनेक्शन काट दिया और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

बंद दुकान से निकल रही थीं कई केबल

अभियान के दौरान टीम को एक बंद दुकान भी मिली। अधिकारियों के मुताबिक, दुकान के अंदर बिजली का मीटर लगा था और वहां से कई केबल बाहर की ओर जा रही थीं। इससे आशंका जताई गई कि इसी स्थान से भी आसपास के घरों में अवैध बिजली सप्लाई की जा रही थी। दुकान बंद होने के कारण टीम फिलहाल उसे निगरानी में रख रही है। अधिकारियों का कहना है कि दुकान खुलने के बाद मीटर और केबल नेटवर्क की जांच की जाएगी।

कार्रवाई का लोगों ने किया विरोध

बिजली चोरी के खिलाफ अभियान के दौरान कुछ इलाकों में स्थानीय लोगों ने निगम की टीम का विरोध भी किया। छिजारसी में अवैध कनेक्शन काटे जाने के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और टीम का घेराव कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की मदद लेनी पड़ी। अभियान के दौरान करीब 20 ट्रांसफॉर्मर जब्त किए गए। इसके अलावा अवैध रूप से बिछाई गई केबल को भी हटाया गया। कार्रवाई के बाद संबंधित इलाकों में बिजली आपूर्ति बंद हो गई।

बिजली बहाल कराने थाने पहुंचे लोग

बिजली कटने के बाद नाराज स्थानीय लोग अपनी समस्या लेकर सेक्टर-63 थाने पहुंचे। उन्होंने बिजली आपूर्ति दोबारा शुरू कराने की मांग की। हालांकि, बिजली निगम के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध कनेक्शन और बिजली चोरी के मामलों में नियमों के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।

इसे भी पढ़ें: SBI Trade Finance Officer Recruitment 2026: SBI में ट्रेड फाइनेंस ऑफिसर के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, जानें कैसे करें Apply

3 हजार से ज्यादा अवैध कनेक्शन काटे

बिजली निगम के अधिकारियों के मुताबिक, पिछले दो दिनों में अभियान के दौरान 3 हजार से अधिक अवैध बिजली कनेक्शन काटे जा चुके हैं। बिजली चोरी के आरोप में अब तक 31 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान के तहत केवल अवैध कनेक्शन काटने तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी। बिजली चोरी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रांसफॉर्मर, केबल नेटवर्क और अन्य संसाधनों की भी जांच की जा रही है।

अवैध वसूली पर भी होगी कार्रवाई

निगम ने साफ किया है कि हरनंदी क्षेत्र में बिजली चोरी रोकने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। टीम उन नेटवर्क की पहचान कर रही है, जिनके जरिए अवैध रूप से घरों तक बिजली पहुंचाई जा रही है। बिजली चोरी के साथ-साथ उपभोक्ताओं से बिजली के नाम पर की जा रही कथित अवैध वसूली को भी गंभीरता से लिया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।