Mamata Banerjee News: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों से पहले सियासी तेज हो गई है। जहां एक ओर एग्जिट पोल भाजपा को बढ़त दिखा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर ममता बनर्जी ने बड़ा दावा किया है। ममता ने दावा किया है कि उनकी पार्टी TMC 226 से ज्यादा सीटें जीतकर फिर से सत्ता में वापसी करेगी।

2 चरणों में 92 प्रतिशत मतदान दर्ज

राज्य में इस बार 2 चरणों में मतदान कराया गया। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर वोटिंग हुई, जबकि दूसरे और अंतिम चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर मतदान संपन्न हुआ। खास बात यह रही कि दोनों चरणों में 92 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड माना जा रहा है। इतनी बड़ी संख्या में मतदाताओं की भागीदारी ने चुनावी मुकाबले को और भी दिलचस्प बना दिया है।

ममता बनर्जी ने क्या कहा?

मतदान के बाद जारी एक वीडियो संदेश में ममता बनर्जी ने कहा कि बंगाल में एक बार फिर मां, माटी, मानुष की सरकार बनेगी। उन्होंने दावा किया कि तमाम चुनौतियों और विपक्ष के प्रयासों के बावजूद जनता ने TMC पर भरोसा जताया है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने चुनाव जीतने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन अंततः जीत तृणमूल कांग्रेस की ही होगी।

TMC का मनोबल गिराने का प्रयास

ममता बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान केंद्रीय बलों का इस्तेमाल भाजपा के पक्ष में किया गया। उनके अनुसार, बाहरी राज्यों से आए नेताओं ने बंगाल के मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश की। उन्होंने एग्जिट पोल पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि ये आंकड़े जानबूझकर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का मनोबल गिराने के लिए प्रसारित किए गए हैं।

एग्जिट पोल में भाजपा की जीत

वहीं, एग्जिट पोल की बात करें तो अधिकांश भाजपा को बढ़त देते नजर आ रहे हैं। विभिन्न एजेंसियों के मुताबिक, भाजपा को 146 से 161 सीटों के बीच जीत मिलने का अनुमान है, जो उसे पहली बार राज्य में सरकार बनाने की स्थिति में ला सकता है। दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस को 125 से 140 सीटों तक सीमित रहने का अनुमान जताया गया है। अन्य दलों को 6 से 10 सीटें मिलने की संभावना है।

4 मई को घोषित होंगे चुनाव परिणाम

फिलहाल सबकी नजरें 4 मई पर टिकी हैं, जब चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। यह चुनाव न केवल पश्चिम बंगाल की राजनीति की दिशा तय करेगा, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी इसके असर देखने को मिल सकते हैं।

 Written By: Geeta Sharma