भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत मंगलवार से होने जा रही है। इस सीरीज पर क्रिकेट प्रेमियों की खास नजर रहेगी। क्योंकि करीब छह महीने बाद स्टार बल्लेबाज विराट कोहली एक बार फिर टीम इंडिया की जर्सी में मैदान पर उतरेंगे। लंबे अंतराल के बाद वापसी कर रहे कोहली के पास न सिर्फ अपनी शानदार बल्लेबाजी से टीम को जीत दिलाने का मौका होगा। बल्कि कई बड़े व्यक्तिगत रिकॉर्ड भी उनके निशाने पर रहेंगे। इनमें सबसे बड़ा रिकॉर्ड वनडे क्रिकेट में 15 हजार रन पूरे करने का है। जिसे अब तक सिर्फ महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ही हासिल कर पाए हैं।
15 हजार वनडे रन से सिर्फ 203 रन दूर
विराट कोहली ने अब तक भारत के लिए 311 वनडे मैचों की 299 पारियों में 58.71 की शानदार औसत से 14,797 रन बनाए हैं। उनके नाम 54 शतक और 77 अर्धशतक दर्ज हैं, जो उनकी निरंतरता और बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रमाण हैं। कोहली को वनडे क्रिकेट में 15 हजार रन पूरे करने के लिए केवल 203 रन की जरूरत है। यदि वह इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की इस सीरीज में यह आंकड़ा हासिल कर लेते हैं, तो वह सचिन तेंदुलकर के बाद इस उपलब्धि तक पहुंचने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन जाएंगे।
सबसे तेज 15 हजार रन बनाने का सुनहरा मौका
विराट कोहली के पास सिर्फ 15 हजार रन पूरे करने का ही नहीं, बल्कि सबसे तेज इस मुकाम तक पहुंचने का भी शानदार अवसर है। सचिन तेंदुलकर ने 15 हजार वनडे रन पूरे करने के लिए 359 पारियां खेली थीं, जबकि कोहली अभी 299 पारियां ही खेल चुके हैं। इसका मतलब है कि उनके पास 302वीं पारी तक यह रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है। यदि वह सीरीज में 203 रन बना लेते हैं, तो वह सचिन के रिकॉर्ड को काफी बड़े अंतर से पीछे छोड़ देंगे और वनडे इतिहास में सबसे तेज 15 हजार रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।
इंग्लैंड के खिलाफ शानदार रहा है रिकॉर्ड
इंग्लैंड के खिलाफ विराट कोहली का प्रदर्शन हमेशा प्रभावशाली रहा है। उन्होंने इस टीम के खिलाफ 38 वनडे पारियों में 41 की औसत से 1,397 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 3 शतक और 10 अर्धशतक निकले हैं। कोहली ने कई मौकों पर इंग्लैंड के खिलाफ मैच जिताऊ पारियां खेली हैं और उनकी बल्लेबाजी ने भारतीय टीम को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाला है। ऐसे में एक बार फिर उनसे बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है।
इंग्लैंड की धरती पर भी शानदार प्रदर्शन
सिर्फ इंग्लैंड के खिलाफ ही नहीं, बल्कि इंग्लैंड की सरजमीं पर भी विराट का रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। उन्होंने वहां 33 वनडे पारियों में 51.88 की औसत से 1,349 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 12 अर्धशतक लगाए हैं। विदेशी परिस्थितियों में लगातार रन बनाना किसी भी बल्लेबाज के लिए चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन कोहली ने इंग्लैंड में अपनी तकनीक और अनुभव के दम पर कई यादगार पारियां खेली हैं।
भारतीय टीम की उम्मीदें विराट पर
भारतीय टीम इस सीरीज में जीत के इरादे से उतरेगी और टीम प्रबंधन को विराट कोहली से बड़ी पारियों की उम्मीद होगी। शीर्ष क्रम में उनकी मौजूदगी बल्लेबाजी को मजबूती देती है और बड़े मैचों में उनका अनुभव टीम के लिए बेहद अहम साबित होता है। यदि कोहली अपनी लय में नजर आते हैं, तो न केवल भारत की सीरीज जीतने की संभावनाएं मजबूत होंगी, बल्कि क्रिकेट इतिहास में एक और बड़ा रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज हो सकता है।
सीरीज का कार्यक्रम
भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 14 जुलाई को खेला जाएगा। दूसरा वनडे 16 जुलाई और तीसरा तथा अंतिम मुकाबला 19 जुलाई को आयोजित होगा। क्रिकेट प्रशंसकों की निगाहें इस बात पर होंगी कि क्या विराट कोहली इस सीरीज में 203 रन बनाकर 15 हजार वनडे रन का ऐतिहासिक आंकड़ा छूते हैं और सचिन तेंदुलकर का सबसे तेज इस मुकाम तक पहुंचने का रिकॉर्ड अपने नाम कर पाते हैं।
Written By: Geeta Sharma