Gorakhpur International Cricket Stadium: पूर्वांचल के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। गोरखपुर में जल्द ही अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम आकार लेने जा रहा है। करीब 46 एकड़ क्षेत्र में 393 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस स्टेडियम में एक साथ 30 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। इसे योगी सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट के तौर पर देखा जा रहा है। उम्मीद है कि स्टेडियम बनने के बाद गोरखपुर ही नहीं, बल्कि पूरे पूर्वांचल को अंतरराष्ट्रीय खेलों के नक्शे पर नई पहचान मिलेगी।

6.73 फीसदी काम पूरा, तेजी से चल रहा निर्माण
गोरखपुर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का भूमिपूजन और शिलान्यास 16 मई 2026 को किया गया था। इसके बाद से निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। अब तक स्टेडियम का करीब 6.73 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। मिट्टी भरने का काम पूरा हो गया है, जबकि फिलहाल पाइलिंग का काम चल रहा है। सरकार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को 23 दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है।

30 हजार दर्शक देख सकेंगे मैच
करीब 46 एकड़ में विकसित होने वाले इस स्टेडियम में लगभग 30 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। इसे आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा, ताकि यहां राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट मुकाबले भी आयोजित किए जा सकें। स्टेडियम बनने से गोरखपुर और आसपास के जिलों के युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच और सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

क्रिकेट के साथ दूसरे खेलों की भी सुविधा
यह परिसर सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं रहेगा। यहां इंडोर गेम्स के साथ हॉकी जैसे आउटडोर खेलों के लिए भी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए आधुनिक एवं विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।

100 करोड़ रुपये CSR फंड से मिलेंगे
स्टेडियम के निर्माण की कुल अनुमानित लागत 393 करोड़ रुपये है। इसमें से 100 करोड़ रुपये पेट्रोलियम मंत्रालय के CSR फंड से उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि बाकी राशि उत्तर प्रदेश सरकार वहन करेगी। निर्माण कार्य को गति देने के लिए योगी सरकार ने पहली किस्त के तौर पर 63 करोड़ 39 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है।

ग्राउंड प्लस टू फ्लोर मॉडल पर बनेगा स्टेडियम
गोरखपुर का यह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम ग्राउंड प्लस टू फ्लोर मॉडल पर तैयार किया जा रहा है। आधुनिक डिजाइन, बड़ी दर्शक क्षमता और खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाओं के साथ यह स्टेडियम पूर्वांचल के खेल ढांचे को नई मजबूती देने वाला प्रोजेक्ट माना जा रहा है। स्टेडियम के तैयार होने के बाद गोरखपुर में बड़े क्रिकेट मुकाबलों की मेजबानी की राह खुलेगी और स्थानीय खिलाड़ियों को अपने शहर में ही बड़े मंच तक पहुंचने का अवसर मिल सकेगा। 

और पढ़ें: यूपी में चुनाव से पहले 5 नए लिंक एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास, 18,400 करोड़ से बदलेगी कनेक्टिविटी; नोएडा से चित्रकूट तक मिलेगा सीधा फायदा