भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। इसी बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए वाहन निर्माता MG ने नई इलेक्ट्रिक SUV Hector Tomahawk को भारतीय बाजार में पेश कर दिया है। कंपनी ने इसे 5-सीटर और 7-सीटर कॉन्फिगरेशन में उतारा है। इसके अलावा ग्राहकों के लिए इसका PHEV यानी प्लग-इन हाइब्रिड वर्जन भी उपलब्ध कराया गया है।

फीचर्स के मामले में कैसी है MG Hector Tomahawk?

MG Hector Tomahawk को आधुनिक तकनीक और प्रीमियम सुविधाओं से लैस किया गया है। SUV में LED हेडलैंप, LED DRLs और LED टेल लैंप के साथ 17-इंच अलॉय व्हील दिए गए हैं। सुरक्षा के लिए इसमें ADAS तकनीक भी शामिल है। केबिन में पैनोरमिक सनरूफ, रूफ रेल, प्रीमियम इंटीरियर, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 15-इंच इंफोटेनमेंट स्क्रीन जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसके अलावा फ्रंट वेंटिलेटेड सीट्स, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, वायरलेस चार्जिंग, Android Auto, Apple CarPlay और एम्बिएंट लाइटिंग जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं।

517 किमी तक की ड्राइविंग रेंज

MG Hector Tomahawk EV में 69.2 kWh क्षमता का बैटरी पैक लगाया गया है। कंपनी के अनुसार, फुल चार्ज पर यह SUV 517 किलोमीटर तक की दूरी तय कर सकती है। इसमें 90 kW DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलता है।  इलेक्ट्रिक मोटर 150 kW की अधिकतम पावर और 310 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करती है। SUV महज 8.2 सेकेंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ने में सक्षम है।

PHEV मॉडल में क्या मिलेगा?

Hector Tomahawk के PHEV मॉडल में 20.5 kWh का बैटरी पैक दिया गया है। यह वर्जन केवल इलेक्ट्रिक पावर पर करीब 115 किलोमीटर तक चलने की क्षमता रखता है। इस तरह ऐसे ग्राहक जिन्हें शहर में रोजाना इलेक्ट्रिक ड्राइविंग और लंबी दूरी के लिए हाइब्रिड विकल्प चाहिए, उनके लिए PHEV मॉडल एक अलग विकल्प बनता है।

जानिए कीमत

वहीं, Hector Tomahawk PHEV की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 25.69 लाख रुपये है। इसके टॉप वेरिएंट की कीमत 27.79 लाख रुपये रखी गई है। BaaS विकल्प के साथ PHEV मॉडल की शुरुआती कीमत 21.79 लाख रुपये है और इसके लिए 3.2 रुपये प्रति किलोमीटर का भुगतान करना होगा।

इन गाड़ियों से होगा मुकाबला

MG Hector Tomahawk EV का मुकाबला भारतीय बाजार में इलेक्ट्रिक SUV और MPV सेगमेंट की प्रमुख गाड़ियों से होने की उम्मीद है। इसमें Mahindra XEV 9S और Kia Carens Clavis EV जैसे मॉडल प्रमुख प्रतिद्वंद्वी हो सकते हैं। ऐसे में MG की नई इलेक्ट्रिक SUV के सामने कीमत, रेंज और फीचर्स के स्तर पर खुद को मजबूत साबित करने की चुनौती होगी।