UP Flood Alert: नेपाल में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ के बाद उत्तर प्रदेश में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। नेपाल में बाढ़ से हुई तबाही के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महराजगंज और कुशीनगर में गंडक एवं नारायणी नदियों के बढ़ते जलस्तर और संभावित बाढ़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ को बेहद चिंताजनक बताया। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने जताई चिंता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ से हुई क्षति पर चिंता जताई है। उन्होंने भगवान पशुपतिनाथ से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना की। CM योगी ने कहा कि नेपाल में आई बाढ़ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के महराजगंज और कुशीनगर में गंडक एवं नारायणी नदियों के जलस्तर में वृद्धि और बाढ़ की संभावना को देखते हुए स्थानीय प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने और संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने को कहा है। सीमावर्ती क्षेत्रों में नदी के जलस्तर और स्थिति पर लगातार नजर रखने के साथ ही प्रशासन को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
नेपाल में फंसे यूपी के लोगों के लिए 1070 हेल्पलाइन
नेपाल में आई बाढ़ और त्रासदी के कारण अगर कोई उत्तर प्रदेश का नागरिक वहां फंसा है या उसे किसी तरह की मदद की जरूरत है, तो उसके परिजन 1070 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन की ओर से नेपाल में फंसे यूपी के नागरिकों तक सहायता पहुंचाने के लिए जरूरी समन्वय किया जा रहा है।
तिब्बती क्षेत्र से आई बाढ़ ने नेपाल में मचाई तबाही
नेपाल में बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर बताई जा रही है। तिब्बती क्षेत्र से आए तेज पानी ने कई इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया है। कहीं पुल पानी में बह गए तो कहीं सड़कें सैलाब में समा गईं। तेज बहाव में कारों और ट्रकों के बहने की तस्वीरें भी सामने आई हैं।
नेपाल सरकार ने स्थिति से निपटने के लिए भारत और चीन से मदद मांगी है। नेपाली सेना ने भी नदी के बहाव वाले जिलों में अलर्ट जारी किया है। वहीं कुछ रिपोर्टों में 100 से अधिक भारतीय पर्यटकों के लापता होने की बात कही जा रही है, हालांकि इस आंकड़े की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
बिहार के कई जिलों में भी अलर्ट
नेपाल में बाढ़ के बाद बिहार में भी हाई अलर्ट जैसी स्थिति है। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक कर नेपाल से सटी नदियों और सीमावर्ती इलाकों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। बेतिया, मोतिहारी, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। वहीं सीतामढ़ी, शिवहर समेत अन्य संवेदनशील जिलों में भी लगातार स्थिति की निगरानी की जा रही है। नेपाल से आने वाली नदियों में जलस्तर बढ़ने की आशंका के बीच यूपी और बिहार प्रशासन को किसी भी संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
और पढ़ें: नेपाल में जलप्रलय से 16 की मौत, 105 भारतीय लापता; पोखरा से राकेश टिकैत ने सुनाया हाल
Reported By: एम अतहर उद्दीन मुन्ने भारती