भारतीय क्रिकेट टीम को श्रीलंका दौरे से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोट के चलते आगामी टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक बुमराह के बाएं घुटने में परेशानी है, जिसकी वजह से उन्हें सीरीज से बाहर होना पड़ा है। उनकी जगह जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। बुमराह की गैरमौजूदगी भारतीय टीम के लिए चिंता का विषय मानी जा रही है। उन्होंने अपना पिछला टेस्ट मुकाबला नवंबर 2025 में गुवाहाटी में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला था। लंबे समय बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी की तैयारी कर रहे बुमराह अब चोट के कारण इस अहम सीरीज से बाहर हो गए हैं।

पहली बार टेस्ट टीम में शामिल हुए आकिब नबी

जम्मू-कश्मीर के 29 वर्षीय तेज गेंदबाज आकिब नबी को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिली है। हालांकि उन्होंने अभी तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व नहीं किया है, लेकिन घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया है। रणजी ट्रॉफी 2025-26 सीजन में आकिब नबी सबसे सफल गेंदबाजों में शामिल रहे। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 60 विकेट हासिल किए और अपनी टीम जम्मू-कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफी खिताब जीतने में अहम योगदान दिया। अपनी तेज रफ्तार और गेंद को स्विंग कराने की क्षमता से उन्होंने कई मजबूत बल्लेबाजों को परेशान किया।

फर्स्ट क्लास क्रिकेट में दमदार आंकड़े

बारामूला के रहने वाले आकिब नबी का फर्स्ट क्लास क्रिकेट रिकॉर्ड भी प्रभावशाली है। उन्होंने अब तक 43 मुकाबलों में 162 विकेट चटकाए हैं। जम्मू-कश्मीर के लिए उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन ने उन्हें राष्ट्रीय टीम तक पहुंचने का मौका दिलाया है।

इंडिया-ए के लिए भी कर चुके हैं शानदार प्रदर्शन

आकिब नबी हाल ही में इंडिया-ए टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर गए थे। गॉल में खेले गए दो अनऑफिशियल टेस्ट मैचों में उन्होंने चार पारियों के दौरान छह विकेट हासिल किए थे। पहले मुकाबले की पहली पारी में उन्होंने 58 रन देकर चार विकेट झटके थे, जिससे उनकी गेंदबाजी क्षमता साफ नजर आई।

ये भी पढ़ें- अर्शदीप सिंह की निजी जिंदगी फिर चर्चा में....समरीन कौर संग तस्वीरों शेयर कर कही ये बात

पहले भी टीम में चयन की हुई थी बात 

जून 2026 में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच के लिए भी आकिब नबी के चयन की अटकलें थीं, लेकिन उस समय उन्हें अंतिम टीम में जगह नहीं मिल पाई थी। अब बुमराह की चोट के बाद चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा जताया है। अब सबकी नजरें आकिब नबी पर होंगी कि घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाला यह तेज गेंदबाज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिले मौके को कितना भुना पाता है। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज उनके करियर के लिए एक बड़ा पड़ाव साबित हो सकती है।

 

 

Written By Toshi Shah