Rahul Gandhi in Tamilnadu: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी 18 और 20 अप्रैल को तमिलनाडु में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। जानकारी के अनुसार राहुल गांधी 18 अप्रैल को 3 और 20 अप्रैल को 4 जनसभाओं को संबोधित करेंगे। राज्य में 23 अप्रैल को मतदान होना है, जबकि चुनाव प्रचार 21 अप्रैल की शाम को समाप्त हो जाएगा।
28 सीटों पर चुनाव लड़ रही कांग्रेस
कांग्रेस इस बार DMK के नेतृत्व वाले गठबंधन के तहत 28 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। 2021 के चुनावों में पार्टी ने 25 में से 18 सीटों पर जीत हासिल की थी और इस बार वह अपने प्रदर्शन को और बेहतर करने की उम्मीद कर रही है। कांग्रेस ने अधिक सीटों की मांग की थी, लेकिन 28 सीटों पर सहमति बनी।
राहुल के दौरे से चुनाव अभियान को मिलेगी नई ऊर्जा
पार्टी नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी का यह दौरा चुनाव अभियान को नई ऊर्जा देगा। कांग्रेस पहले ही राज्य में सक्रिय प्रचार कर रही है और उसे जनता से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने का दावा किया जा रहा है। पार्टी का फोकस गठबंधन की एकजुटता और अपने घोषणा पत्र में किए गए सामाजिक कल्याण वादों पर है।
रैली में परिसीमन के मुद्दे को उठाएंगे राहुल
राहुल गांधी 18 अप्रैल को पोननेरी, शोलिंगुर और थुरैयूर में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इन सभाओं में वे कांग्रेस उम्मीदवारों के समर्थन में वोट मांगेंगे और केंद्र सरकार की नीतियों पर भी निशाना साध सकते हैं। वे विशेष रूप से परिसीमन के मुद्दे को उठाएंगे, जो दक्षिण भारत में एक बड़ा राजनीतिक विषय बनता जा रहा है।
'सरकार कर रही तमिलनाडु के साथ भेदभाव'
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि केंद्र सरकार तमिलनाडु के साथ भेदभाव कर रही है। साथ ही, AIADMK और भाजपा के गठबंधन को लेकर भी जनता में नाराजगी होने का दावा किया जा रहा है, जिसका फायदा इंडिया गठबंधन को मिल सकता है।
Written By: Geeta Sharma