PM Modi: पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। दूसरे चरण के मतदान से पहले राजनीतिक बयानबाजी अपने चरम पर है। इसी कड़ी में पीएम मोदी ने दमदम में आयोजित एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए सत्तारूढ़ टीएमसी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि राज्य में परिवर्तन की लहर अब स्पष्ट रूप ले चुकी है और पहले चरण के मतदान ने इस बदलाव पर मुहर लगा दी है। 

'जनता बदलाव के लिए उत्साहित है'

प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले चरण में हुई रिकॉर्ड 92 प्रतिशत वोटिंग यह दर्शाती है कि जनता बदलाव के लिए उत्साहित है। उन्होंने इसे भाजपा के पक्ष में जनसमर्थन का संकेत बताते हुए कहा कि यह पार्टी की जीत का शंखनाद है। मोदी ने आरोप लगाया कि टीएमसी ने लंबे समय तक लोकतंत्र को कमजोर किया, लेकिन अब जनता ने उसे पुनर्स्थापित करने का काम शुरू कर दिया है।

TMC राजनीतिक जमीन खोने से बौखलाई है: पीएम मोदी

अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने टीएमसी पर 'जंगलराज' चलाने का आरोप लगाया और कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद पार्टी के कार्यकर्ताओं को छिपने की जगह नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि 'हर बुझता हुआ दीपक फड़फड़ाता है' और इसी तरह टीएमसी भी अपनी राजनीतिक जमीन खोने से पहले बौखलाई हुई है।

'हर वोट परिवर्तन का माध्यम बनेगा'

मोदी ने बंगाल के गौरव को फिर स्थापित करने की बात करते हुए कहा कि राज्य को भय, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और कथित घुसपैठ जैसी समस्याओं से मुक्त करना जरूरी है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सुभाष चंद्र बोस का उल्लेख करते हुए लोगों से बदलाव के लिए मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह 'नई क्रांति' का समय है और हर वोट इस परिवर्तन का माध्यम बनेगा।

भाजपा सरकार में महिलाओं की सुरक्षा पहली प्राथमिकता

महिलाओं को लेकर भी प्रधानमंत्री ने कई वादे किए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर बनाने के लिए 1.5 लाख रुपये तक की सहायता देने और घर महिलाओं के नाम पर करने की बात दोहराई। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में गरीबों को मुफ्त राशन मिलेगा और किसी भी तरह का 'सिंडिकेट' लोगों का हक नहीं छीन पाएगा।

 Written By: Geeta Sharma