PM Modi Instagram Reel: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक नई रील शेयर की है, जिसमें वह अपने आवास पर गायों को चारा और मोरों को दाना खिलाते नजर आ रहे हैं। पीएम मोदी ने बताया कि यह वीडियो 15 अगस्त की सुबह का है, जब वह लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए रवाना हो रहे थे। वीडियो में प्रधानमंत्री पहले गायों को चारा खिलाते दिखाई देते हैं और इसके बाद मोरों को दाना देते नजर आते हैं। पीएम मोदी ने पोस्ट के साथ बताया कि रोजाना सुबह अपने ‘दोस्तों’ को खाना खिलाना उनकी दिनचर्या का हिस्सा है।
पीएम मोदी ने बताया- रोज का है रूटीन
प्रधानमंत्री ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि हर सुबह अपने दोस्तों को खाना खिलाना उनकी रोज की दिनचर्या है। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त की सुबह उन्हें जल्दी निकलना था, लेकिन गायों और मोरों को जैसे इस बात का पता चल गया था और वे उनसे मिलने आ गए। पीएम मोदी ने लिखा कि जब वह लाल किले के लिए रवाना हो रहे थे, उस समय यह सब हुआ और उनके लिए यह हमेशा की तरह एक खास पल था।
7 लोक कल्याण मार्ग में रहते हैं कई मोर
प्रधानमंत्री आवास यानी 7 लोक कल्याण मार्ग का परिसर करीब 12 एकड़ में फैला है। यहां बड़े-बड़े पेड़, घास के मैदान और हरियाली मौजूद है, जिसकी वजह से परिसर में बड़ी संख्या में पक्षी दिखाई देते हैं। प्रधानमंत्री आवास परिसर में मोरों के लिए पेड़ों के आसपास घोंसले की व्यवस्था भी की गई है। मोर अक्सर परिसर के लॉन में घूमते हुए नजर आते हैं।
पीएम मोदी के पास हैं पुंगनूर नस्ल की गायें
प्रधानमंत्री आवास पर पुंगनूर नस्ल की गायें भी हैं। पुंगनूर को दुनिया की छोटी मवेशी नस्लों में गिना जाता है। यह नस्ल मुख्य रूप से आंध्र प्रदेश के चित्तूर क्षेत्र से जुड़ी है। इन गायों की ऊंचाई आम तौर पर करीब 70 से 90 सेंटीमीटर के आसपास बताई जाती है। प्रधानमंत्री पहले भी कई मौकों पर इन गायों को चारा खिलाते हुए वीडियो और तस्वीरें साझा कर चुके हैं।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे वीडियो
पीएम मोदी का गायों और मोरों के साथ यह पहला वीडियो नहीं है। वह इससे पहले भी प्रधानमंत्री आवास पर गायों को चारा खिलाते और मोरों को दाना देते हुए वीडियो शेयर कर चुके हैं। मकर संक्रांति के मौके पर भी प्रधानमंत्री ने पुंगनूर गायों को चारा खिलाने का वीडियो साझा किया था। स्वतंत्रता दिवस की सुबह सामने आई नई रील में भी उनका यही अंदाज देखने को मिला, जिसमें लाल किले के लिए रवाना होने से पहले वह कुछ समय अपने ‘दोस्तों’ के साथ बिताते नजर आए।
Written by Shailesh Yadav