सोशल मीडिया का बढ़ता इस्तेमाल बच्चों और किशोरों की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर दुनियाभर में चिंता का विषय बना हुआ है। इसी दिशा में ऑस्ट्रेलिया ने 16 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर सख्त नियम लागू किए हैं। इन नियमों के तहत प्लेटफॉर्म्स को नाबालिग यूजर्स की पहचान कर उनकी पहुंच रोकने की जिम्मेदारी दी गई है। इसका असर अब Meta के प्लेटफॉर्म्स पर भी साफ दिखाई दे रहा है।

7.56 लाख से अधिक अकाउंट पर कार्रवाई

Meta के मुताबिक, दिसंबर 2025 से जून 2026 के बीच ऑस्ट्रेलिया में 7.56 लाख से ज्यादा ऐसे अकाउंट्स को डीएक्टिवेट किया गया, जिनके यूजर्स की उम्र 16 साल से कम होने का अनुमान था। इनमें लगभग 4.62 लाख Instagram और करीब 2.94 लाख Facebook अकाउंट शामिल हैं।

दिसंबर 2025 से लागू है नया नियम

ऑस्ट्रेलिया में 16 साल से कम उम्र के बच्चों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से दूर रखने वाला कानून दिसंबर 2025 में प्रभावी हुआ। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों को ऑनलाइन होने वाले संभावित नुकसान से बचाना है। नए प्रावधानों के बाद सोशल मीडिया कंपनियों पर यह जिम्मेदारी बढ़ गई है कि वे नाबालिगों को नियमों के बावजूद अकाउंट बनाने या इस्तेमाल करने से रोकें।

उम्र की पहचान में AI का इस्तेमाल

Meta नाबालिग यूजर्स की पहचान के लिए कई तकनीकों का सहारा ले रहा है। इनमें AI आधारित सिस्टम भी शामिल हैं। कंपनी अकाउंट से जुड़े अलग-अलग संकेतों का विश्लेषण कर सकती है। उदाहरण के तौर पर पोस्ट या प्रोफाइल में जन्मदिन, स्कूल की कक्षा या उम्र से संबंधित जानकारी मिलने पर अकाउंट की समीक्षा की जा सकती है। इसके अलावा यूजर या किसी अन्य व्यक्ति की शिकायत के आधार पर भी कार्रवाई संभव है।

बच्चों की सोशल मीडिया पहुंच पर असर

बड़ी संख्या में अकाउंट्स के डीएक्टिवेट होने से ऑस्ट्रेलिया में कम उम्र के यूजर्स के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल पहले की तुलना में कठिन हुआ है। हालांकि, इन नियमों का दीर्घकालिक प्रभाव कितना प्रभावी रहेगा, यह अभी देखना बाकी है। यह भी महत्वपूर्ण होगा कि बच्चे नए तरीकों से इन प्रतिबंधों को दरकिनार करने की कोशिश करते हैं या नहीं। ऑस्ट्रेलिया सरकार और सोशल मीडिया कंपनियों के सामने अब चुनौती यह है कि उम्र की सही पहचान के साथ-साथ बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा और उनकी प्राइवेसी के बीच संतुलन कैसे बनाया जाए।

 

ये भी पढ़ें- सालों बाद स्क्रीन पर लौटीं प्रीति जिंटा, कहा- कमबैक मुश्किल होता...

 

  Written By Toshi Shah