UP Election 2027: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नया सियासी मोड़ सामने आया है। राजनीतिक गतिविधियों और सामाजिक मुद्दों पर मुखर रहने वाली करणी सेना ने आगामी यूपी विधानसभा चुनाव में ताल ठोकने का औपचारिक ऐलान कर दिया है। लखनऊ में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल सिंह अम्मू ने घोषणा की कि संगठन प्रदेश की 50 से 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में करणी सेना ने डॉ. स्मिता मिश्रा को अपना समर्थन देने की बात कही और सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) समेत विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला।

युवाओं और छात्रों के मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए सूरजपाल अम्मू ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए लाठीचार्ज और जयपुर प्रदर्शन के दौरान हुई एक युवक की मृत्यु का प्रमुखता से जिक्र किया। इस दौरान रजपाल सिंह अम्मू ने कहा कि पहले युवाओं और छात्रों पर डंडे बरसाए जाते हैं और फिर उनसे 'मन की बात' की जाती है। देश का सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों ही युवाओं के साथ किस प्रकार का संवाद कर रहे हैं, यह सोचनीय है।

सपा के 'PDA' फॉर्मूले और योगी सरकार पर हमला
समाजवादी पार्टी के 'PDA' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि इसमें 'प' से पंडित तो हैं, लेकिन वे इस व्यवस्था में पूरी तरह से पीड़ित हैं। इस दौरान उन्होंने ये भी कहा कि लोग कहते हैं कि यह ठाकुरों की सरकार है। मैं भी यही कहता हूं कि यह ठाकुरों की सरकार है, जिसमें योगी जी बगैर मूंछ वाले ठाकुर हैं।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर उठाए सवाल
अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर अम्मू ने योगी सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि श्रीराम हमारे आराध्य हैं और आपकी सरकार के कार्यकाल में हमारे आराध्य के धाम में चोरी हो गई। मामले में जिम्मेदार बड़े अधिकारियों पर अब तक सख्त कार्रवाई न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। ओवैसी की पार्टी (AIMIM) के साथ किसी भी प्रकार के गठबंधन या बातचीत के सवाल पर अम्मू ने स्पष्ट किया कि जब तक ओवैसी हिंदुओं के अपमान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तब तक कोई बात संभव नहीं है।

11 जिलों में निकलेगी 'रथ यात्रा', गांव-गांव संगठन की तैयारी
उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने के लिए करणी सेना एक वृहद रथ यात्रा निकालने जा रही है, यह यात्रा पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बुंदेलखंड और पूर्वांचल के प्रमुख जिलों जैसे अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, बिजनौर, मुरादाबाद और बनारस सहित 11 जिलों से होकर गुजरेगी। बता दें कि रथ यात्रा का समापन धर्मनगरी अयोध्या में होगा। संगठन को गांव-गांव तक सक्रिय करने के लिए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को चुनाव की तैयारियों में जुटने के निर्देश दे दिए गए हैं। 

और पढे़ं: UP Election 2027: चुनाव से पहले BJP को झटका, बागी नेता भरत सिंह BSP में शामिल; यूपी के इस सीट से बने प्रत्याशी

Written by Shailesh Yadav