स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने पांचवें दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल छह पदक अपने नाम किए। दिन की सबसे बड़ी सफलता पैरा एथलेटिक्स से आई, जहां शर्मिला धनखड़ ने स्वर्ण पदक जीतकर भारत को इस संस्करण का दूसरा गोल्ड दिलाया। वहीं, हाई जंप में सर्वेश अनिल कुशारे और वेटलिफ्टिंग में वल्लुरी अजय बाबू सहित कई भारतीय खिलाड़ियों ने भी पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।
शर्मिला धनखड़ ने जीता स्वर्ण पदक
महिलाओं की F37 शॉट पुट स्पर्धा में शर्मिला धनखड़ ने 9.81 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो कर पहला स्थान हासिल किया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इससे पहले भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक मीरा बाई चानू ने वेटलिफ्टिंग में जीता था।
1 किलो के अंतर से अजय बाबू से छूटा गोल्ड
पुरुषों की 79 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में वल्लुरी अजय बाबू ने स्वर्ण पदक के लिए कड़ी चुनौती पेश की। उन्होंने स्नैच में 149 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 181 किलोग्राम वजन उठाकर कुल 330 किलोग्राम का स्कोर बनाया। हालांकि, मलेशिया के एरी हिदायत मुहम्मद ने अंतिम प्रयास में 184 किलोग्राम भार उठाया और कुल 331 किलोग्राम के साथ गोल्ड जीत लिया। अजय बाबू को महज एक किलोग्राम के अंतर से रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
ज्ञानेश्वरी और सर्वेश ने भी दिलाए रजत
महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में ज्ञानेश्वरी यादव ने स्नैच में 88 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 111 किलोग्राम वजन उठाकर दूसरा स्थान हासिल किया और सिल्वर मेडल जीता। वहीं, पुरुषों की हाई जंप स्पर्धा में सर्वेश अनिल कुशारे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
बिंदियारानी और शिल्पा ने जीते कांस्य
महिलाओं की 58 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में बिंदियारानी देवी ने कांस्य पदक हासिल किया। इसके अलावा पैरा एथलेटिक्स की महिलाओं की F57 शॉट पुट स्पर्धा में शिल्पा शीला ने भी ब्रॉन्ज मेडल जीतकर भारत की पदक संख्या बढ़ाई।
पांचवें दिन भारत के पदक विजेता
स्वर्ण: शर्मिला धनखड़ – महिलाओं की F37 शॉट पुट
रजत: ज्ञानेश्वरी यादव – महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग
रजत: वल्लुरी अजय बाबू – पुरुषों की 79 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग
रजत: सर्वेश अनिल कुशारे – पुरुषों की हाई जंप
कांस्य: बिंदियारानी देवी – महिलाओं की 58 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग
कांस्य: शिल्पा शीला – महिलाओं की F57 शॉट पुट
ये भी पढ़ें- अर्शदीप सिंह की निजी जिंदगी फिर चर्चा में....समरीन कौर संग तस्वीरों शेयर कर कही ये बात
मेडल टैली में भारत की स्थिति
पांच दिनों की प्रतियोगिता के बाद भारत के खाते में कुल 10 पदक हैं, जिनमें 2 स्वर्ण, 5 रजत और 3 कांस्य शामिल हैं। इसी प्रदर्शन के दम पर भारत मेडल टैली में आठवें स्थान पर बना हुआ है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया 26 स्वर्ण सहित कुल 59 पदकों के साथ शीर्ष स्थान पर कायम है।
Written By Toshi Shah