Murshidabad Clashes: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की वोटिंग के दौरान मुर्शिदाबाद से झड़प की खबर सामने आई है। यहां टीएमसी और हुमायूं कबीर के समर्थकों के बीच तीखी बहस हुई। घटना का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें हुमायूं कबीर के काफिले पर पथराव किया गया। जिससे गाड़ियों के शीशे भी टूट गए। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों के साथ भी धक्कामुक्की की गई। हालांकि पुलिस बल ने स्थिति को कंट्रोल कर लिया है।

हालात अब शांतिपूर्ण हैं: ASP माजिद खान  

मुर्शिदाबाद के ASP माजिद खान ने बताया कि हालात अब शांतिपूर्ण हैं। उन्होंने कहा, कहीं भी कुछ नहीं हुआ है। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं। वहीं मुर्शिदाबाद में वोटिंग के दौरान हुई हिंसा के मामले में चुनाव आयोग ने रिपोर्ट मांगी है। आपको बता दें, बंगाल में आज पहले चरण का मतदान है। 16 जिलों की 152 सीटों पर वोटिंग हो रही है।

कच्चा बम फेंके जाने से बढ़ा मामला: सूत्र

पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच कई इलाकों से तनाव और झड़पों की खबरें सामने आ रही हैं। हुमायूं कबीर के दौरे के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब TMC के कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया। सामने आए वीडियो में एक ओर कबीर और दूसरी ओर बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ता आमने-सामने खड़े नजर आ रहे हैं।

माहौल ऐसा था कि किसी भी वक्त टकराव बढ़ सकता था, लेकिन मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित किया। सुरक्षाकर्मी दोनों पक्षों को पीछे हटाते हुए दिखाई दिए। बताया जा रहा है कि कबीर उस इलाके का दौरा कर रहे थे जहां एक दिन पहले कच्चा बम फेंके जाने की घटना हुई थी।

बूथ पर पोलिंग एजेंट को बैठने से रोका गया: बीजेपी

कूच बिहार में TMC कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं सिलीगुड़ी में भाजपा और TMC कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई, जिससे क्षेत्र में तनाव फैल गया। दक्षिण दिनाजपुर के कुमारगंज विधानसभा क्षेत्र में भी विवाद की स्थिति बनी रही। बीजेपी का आरोप है कि बूथ नंबर 24 पर उनके पोलिंग एजेंट को बैठने से रोका गया, जिसके बाद वहां भारी हंगामा हुआ।

आज पहले चरण का मतदान

इन घटनाओं के बीच राज्य में पहले चरण का मतदान जारी है। सुबह 7 बजे शुरू हुई वोटिंग में मतदाताओं का उत्साह देखने लायक है। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार 152 सीटों पर बड़ी संख्या में लोगों ने मतदान किया है। तेज गर्मी के बावजूद मतदाताओं की लंबी कतारें यह संकेत दे रही हैं कि लोकतंत्र के इस पर्व में जनता बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही है।

4 मई को खत्म हो जाएगी टीएमसी सरकार

आम जनता उन्नयन पार्टी (AUJP) के संस्थापक हुमायूं कबीर ने मीडिया से बातचीत करते हुए टीएमसी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि TMC जो गुंडागर्दी कर रही है उसका जवाब उन्हें जनता देगी। इनकी गुंडागर्दी 4 मई को खत्म हो जाएगी।

Written By: Geeta Sharma