Agnipath Yojana: अग्निपथ योजना के तहत चार साल के कार्यकाल के लिए सेना में शामिल होने वाले अग्निवीरों और उनके परिवारों को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। देश की रक्षा करते हुए प्राण न्यौछावर करने वाले शहीद अग्निवीरों के परिजनों को अब नियमित सैनिकों की तर्ज पर पेंशन या परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी जैसी सुविधाएं दी जा सकती हैं। रक्षा मंत्रालय संसद की स्थायी समिति की इस सिफारिश पर बेहद गंभीरता से विचार कर रहा है।

वर्तमान में सिर्फ मिलता है 1 करोड़ का बीमा
मौजूदा व्यवस्था के अनुसार, ड्यूटी के दौरान या युद्ध में अग्निवीर के शहीद होने पर उनके परिवार को केवल बीमा राशि दी जाती है। दो अलग-अलग योजनाओं को मिलाकर यह राशि कुल 1 करोड़ रुपये होती है। अग्निवीरों को नियमित सैनिकों की तरह सेवानिवृत्ति लाभ या शहीद का दर्जा और उससे जुड़ी सुविधाएं नहीं मिलती हैं।

संसदीय समिति की प्रमुख सिफारिशें
समिति ने सुझाव दिया है कि शहीद अग्निवीरों के परिवारों के जीवन-यापन के लिए उन्हें नियमित सैनिकों की भांति पेंशन दी जाए या परिवार के किसी एक सदस्य को नौकरी उपलब्ध कराई जाए। सूत्रों के मुताबिक, सरकार इस सिफारिश को लेकर सकारात्मक है और आने वाले समय में परिजनों को इनमें से किसी एक सुविधा का लाभ देने की घोषणा की जा सकती है।

अब तक तीनों सेनाओं में लगभग 1.5 लाख अग्निवीर सेवाएं दे रहे हैं (अकेले थल सेना में 1.25 लाख) और ड्यूटी के दौरान अब तक करीब दो दर्जन अग्निवीर वीरगति को प्राप्त हुए हैं।

उत्तर प्रदेश में 17 अगस्त से शुरू होंगी अग्निवीर भर्ती रैलियां
दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश के छह प्रमुख जिलों में 17 अगस्त 2026 से लेकर 14 अप्रैल 2027 तक अग्निवीर भर्ती रैलियों का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने एक उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, आवागमन, चिकित्सा, स्वच्छता और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।

यूपी भर्ती रैलियों का पूरा शेड्यूल
मेरठ: 17 अगस्त से 9 सितंबर 2026
बरेली: 14 सितंबर से 30 सितंबर 2026
लखनऊ: 11 जनवरी से 28 जनवरी 2027
वाराणसी: 2 फरवरी से 27 फरवरी 2027
आगरा: 4 मार्च से 24 मार्च 2027
अयोध्या: 29 मार्च से 14 अप्रैल 2027 

और पढ़ें: 

सस्ते डेली डेटा प्लान हटे,अब 349 रुपये से शुरू होगा रिचार्ज; जान लें नया अपडेट

Written by Shailesh Yadav