Sandeep Pathak News: पंजाब और राष्ट्रीय राजनीति में हाल ही में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है, जिसने राजनीतिक हलकों में हलचल तेज कर दी है। आम आदमी पार्टी (AAP) से भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हुए राज्यसभा सांसद संदीप पाठक के खिलाफ पंजाब में दो अलग-अलग जिलों में एफआईआर दर्ज की गई हैं। खास बात यह है कि दोनों मामले गैर-जमानती धाराओं के तहत दर्ज किए गए हैं, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ जाती है।
संदीप पाठक पर लगा महिला शोषण और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप
सूत्रों के अनुसार, इन FIR में महिला शोषण और भ्रष्टाचार जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। बताया जा रहा है कि पंजाब पुलिस की टीम उनके दिल्ली स्थित पंडारा पार्क आवास पर पहुंचने ही वाली थी, उससे कुछ समय पहले ही संदीप पाठक वहां से निकल गए। इस दौरान दिल्ली पुलिस भी सक्रिय नजर आई। दिल्ली पुलिस की टीम, जिसमें तिलक मार्ग थाना के एसएचओ और कांस्टेबल शामिल थे, उनके घर के बाहर मौजूद रही।
कुछ दिन पहले ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर AAP से हुए थे अलग
इस पूरे घटनाक्रम से पहले संदीप पाठक ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आम आदमी पार्टी से अलग होने का ऐलान किया था। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनकी जिंदगी में ऐसा मोड़ आएगा। उन्होंने बताया कि वे पिछले 10 वर्षों से पार्टी का हिस्सा थे और उन्होंने हमेशा पार्टी हित को सर्वोपरि रखा। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने राजनीति में कदम रखा, तो उन्होंने आम आदमी पार्टी को इसलिए चुना क्योंकि वह नई और काम की राजनीति की बात करती थी।
BJP में शामिल होने पर संदीप पाठक की हो रही किरकिरी
हालांकि, उनके इस फैसले की राजनीतिक विश्लेषकों और विपक्षी दलों द्वारा आलोचना भी की जा रही है। कई लोगों का मानना है कि 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले यह घटनाक्रम AAP के लिए एक बड़ा झटका साबित हो सकता है। पार्टी के भीतर भी इस मुद्दे पर मंथन जारी है और आगे की रणनीति तय की जा रही है।
5 मई को भगवंत मान राष्ट्रपति मुर्मू से करेंगे मुलाकात
इसी बीच पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक अहम कदम उठाते हुए 5 मई को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करने का निर्णय लिया है। इस मुलाकात का उद्देश्य उन राज्यसभा सांसदों को वापस बुलाने की मांग करना है, जो हाल ही में बीजेपी में शामिल हुए हैं। इस कदम को AAP की ओर से अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
Written By: Geeta Sharma