Nirmala Sitharaman Visit in Sikkim: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 मई से शुरू होने वाले 3 दिवसीय दौरे पर सिक्किम जा रही हैं। सूत्रों के अनुसार, यह दौरा राज्य के सीमावर्ती और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्रों में चल रही विकास परियोजनाओं की समीक्षा और स्थानीय स्तर पर उनके प्रभाव का आकलन करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
दौरे के पहले दिन सरकारी योजनाओं पर होगी चर्चा
अपने दौरे के पहले दिन, वित्त मंत्री सोरेंग जिले में एक आधिकारिक कार्यक्रम में भाग लेंगी, जहां वे विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति पर चर्चा करेंगी। इसके बाद, उनका कार्यक्रम ग्नाथांग-माचोंग निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्नाथांग गांव का दौरा करने का है। यह क्षेत्र भौगोलिक दृष्टि से संवेदनशील होने के साथ-साथ विकास की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जाता है।
परियोजनाओं की समीक्षा करेंगी सीतारमण
इस यात्रा के दौरान, सीतारमण वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के तहत चल रही परियोजनाओं की समीक्षा करेंगी। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारत के सीमावर्ती गांवों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना और इन क्षेत्रों को आत्मनिर्भर बनाना है। सरकार का मानना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों का विकास राष्ट्रीय सुरक्षा के हिसाब से महत्वपूर्ण है।
वित्त मंत्री स्थानीय प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधियों से बीतचीत करेंगी
सूत्रों के मुताबिक, वित्त मंत्री विभिन्न हितधारकों स्थानीय प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों, और नागरिकों के साथ बैठकें भी करेंगी। इन बैठकों के माध्यम से वह योजनाओं के जमीनी स्तर की स्थिति का प्रत्यक्ष फीडबैक लेंगी। इससे सरकार को यह समझने में मदद मिलेगी कि योजनाओं का वास्तविक प्रभाव क्या है और किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है।
दौरे का प्रमुख फोकस बुनियादी ढांचे का विकास
इस दौरे का एक प्रमुख फोकस बुनियादी ढांचे का विकास है, जिसमें सड़क, संचार, स्वास्थ्य सेवाएं और शिक्षा जैसी सुविधाओं को मजबूत करना शामिल है। इसके अलावा, सीमावर्ती गांवों में कनेक्टिविटी बढ़ाने और डिजिटल सेवाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इन पहलों से न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि युवाओं के लिए नए अवसर भी सृजित होंगे।
सिक्किम का दौरा क्यों है खास?
सिक्किम, अपनी भौगोलिक स्थिति के कारण रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है, केंद्र सरकार की विकास योजनाओं में विशेष स्थान रखता है। इस दौरे के माध्यम से केंद्र सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि राज्य के दूरदराज और सीमावर्ती क्षेत्रों तक विकास की किरण पहुंचे और वहां के नागरिकों को भी मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।
Written By: Geeta Sharma