West Bengal Elections: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण से ठीक पहले चुनाव आयोगने एक अहम निर्देश जारी किया है। आयोग के अनुसार, मतदान के दिन कोई भी उम्मीदवार अपने निर्वाचन क्षेत्र की सीमाओं से बाहर नहीं जा सकेगा। यह कदम चुनावी प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।

152 विधानसभा सीटों पर डाले जाएंगे वोट

पश्चिम बंगाल में पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को आयोजित किया जा रहा है। इस चरण में 16 जिलों की कुल 152 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे। चुनाव आयोग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं और यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया है कि मतदाता बिना किसी भय या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

उम्मीदवार क्षेत्र से गए बाहर तो होगी सख्त कार्रवाई: EC

आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी कि सभी उम्मीदवारों को मतदान वाले दिन सुबह 6 बजे से लेकर मतदान प्रक्रिया समाप्त होने तक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र के भीतर ही रहना होगा। इस दौरान उनकी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। यदि कोई उम्मीदवार इस नियम का उल्लंघन करता है या अपने क्षेत्र से बाहर जाने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है।

चुनाव में रोकने के लिए चुनाव आयोग ने लिया फैसला

इस नए निर्देश का मुख्य उद्देश्य चुनाव के दौरान संभावित गड़बड़ियों, बाहरी हस्तक्षेप और मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिशों को रोकना है। आयोग का मानना है कि उम्मीदवारों की सीमित गतिविधि से चुनावी माहौल अधिक नियंत्रित और सुरक्षित रहेगा। इससे हिंसा या अनियमितताओं की आशंका भी कम होगी।

EC ने की लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन करेने की अपील

चुनाव आयोग ने उम्मीदवारों को यह भी सलाह दी है कि वे किसी भी ऐसी गतिविधि से दूर रहें जो मतदान प्रक्रिया को बाधित कर सकती हो। उनसे अपेक्षा की गई है कि वे लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण चुनाव में सहयोग करें।

दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा

पश्चिम बंगाल चुनाव का यह केवल पहला चरण है। इसके बाद दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। वहीं, सभी चरणों के मतदान पूर्ण होने के बाद 4 मई को मतगणना की जाएगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।

Written By: Geeta Sharma