दिल्ली यूनिवर्सिटी में सोमवार यानी 17 अगस्त 2026 को उस समय हड़कंप मच गया जब लॉ फैकल्टी के एक प्रोफेसर पर PHD स्कॉलर ने जानलेवा हमला कर दिया। करीब 10 बजे सुबह उमंग भवन में यह हमला हुआ है। यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई। मौके पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी के खिलाफ मौरिस नगर थाने में एफआईआर दर्ज कर ली है। बीते दिन हुए इस हमले के मामले में डीयू प्रशासन की तरफ से यूनिवर्सिटी के प्रॉक्टर अधिकारी ने आरोपी छात्र को सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही छात्र के यूनिवर्सिटी कैंपस में आने पर भी पूरी तरह से रोक लगा दी है।
आरोपी को किया सस्पेंड, एफआईआर भी दर्ज
आरोपी छात्र शुभम सिंह साल 2024-25 सेशन के फेज टू में लॉ फैकल्टी में पीएचडी कर रहा है। इस हमले का सीसीटीवी फुटेज देखा गया। जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि छात्र पहले से प्रोफेसर अनुपम झा का इंतजार कर रहा था और जैसे ही प्रोफेसर बिल्डिंग में दाखिल हुआ छात्र ने उसके एक के बार एक कई थप्पड़ मारकर हमला कर दिया। वहां मौजूद छात्रों व अन्य शिक्षकों ने जैसे कैसे शुभम को रोका और पुलिस को सूचना दी। इस घटना के तुरंत बाद डीयू के प्रॉक्टर ऑफिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी छात्र शुभम सिंह को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही शुभम सिंह पर उसके यूनिवर्सिटी कैंपस में आने पर रोक लगा दी है। पुलिस ने इस पूरे मामले में आरोपी के खिलाफ मौरिस नगर थाने में एफआईआर दर्ज कर ली है और हमले के कारणों की वजह जानने के लिए जांच शुरू कर दी है।
डीयू प्रशासन द्वारा छात्र को जारी किया गया नोटिस
डीयू प्रशासन ने इस पूरे मामले में जांच के लिए एक समिति का गठन कर दिया है। इसके साथ ही आरोपी छात्र को नोटिस जारी कर इस मामले में आरोपी छात्र को निलंबित कर दिया है। दिल्ली यूनिवर्सिटी अधिनियम, 1922 के अध्यादेश 15-बी, के तहत छात्र को यूनिवर्सिटी कैंपस में आने पर भी पूरी तरह से रोक है। दरअसल इस पूरे मामले में डीयू प्रशासन द्वारा जारी नोटिस के बाद ही आरोपी छात्र शुभम के खिलाफ एक्शन लिया गया। इस नोटिस में लिखा है कि शोधार्थी को शैक्षणिक सत्र 2024-25 (फेज-2) में विधि संकाय में दाखिला मिला था। उमंग भवन से मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छात्र के खिलाफ यह सस्पेंशन का फैसला सुनिश्चित किया गया है।
डेमोक्रेटिक टीचर फ्रंट की मांग
डेमोक्रेटिक टीचर फ्रंट का कहना है कि बीते वर्ष DUSU की ज्वाइंट सेक्रेटरी दीपिका झा ने भी भीम राव अंबेडकर कॉलेज में एक टीचर को थप्पड़ मारा था। और अब लॉ फैकल्टी में छात्र शुभम द्वारा प्रोफेसर अनुपम झा को थप्पड़ मारना एक गंभीर विष्य है। डेमोक्रेटिक टीचर फ्रंट की मांग है कि अब इस तरह के मामले में टीचर की सुरक्षा का एक खाका तैयार किया जाए। साथ ही आरोपियों पर ऐसी कार्रवाई की जाए जो भविष्य में अन्य छात्रों के लिए नजीर बने। जिससे आने वाले समय में कोई छात्र इस तरह से किसी शिक्षक पर हमला ना कर पाए।
यह भी पढ़ें: Gold Rate Today:सोना फिर हुआ महंगा या मिली राहत? खरीदने से पहले जान लें आज का रेट
Written By: MADHVI TANWAR