David Warner Case: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर और दिग्गज ओपनर डेविड वार्नर ने शराब पीकर गाड़ी चलाने के मामले में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। सिडनी की एक अदालत में हुई सुनवाई के दौरान वार्नर खुद कोर्ट में मौजूद नहीं थे। लेकिन उनके वकील ने उनकी ओर से औपचारिक रूप से दोष स्वीकार कर लिया।
सजा के चरण में पहुंच यह मामला
यह मामला अब सजा के चरण में पहुंच गया है। अदालत ने वार्नर की सजा सुनाने के लिए 18 अगस्त की तारीख तय की है। कोर्ट के फैसले के बाद यह स्पष्ट होगा कि पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पर कितनी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अप्रैल में हुआ था ड्रिंक ड्राइविंग का मामला
यह घटना इसी साल अप्रैल महीने की है, जब डेविड वार्नर सिडनी में एक वैन चला रहे थे। पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोककर शराब की जांच की थी। जांच में सामने आया कि उनके शरीर में अल्कोहल का स्तर कानूनी सीमा से लगभग दोगुना था।
इसके बाद पुलिस ने वार्नर को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें थाने ले जाया गया। ऑस्ट्रेलिया में शराब पीकर वाहन चलाना गंभीर अपराध माना जाता है, खासकर तब जब चालक तय सीमा से अधिक अल्कोहल के साथ पकड़ा जाता है।
वकील ने कहा- वार्नर अपनी गलती स्वीकार करते हैं
सुनवाई के दौरान डेविड वार्नर के वकील ने अदालत के सामने कहा कि उनके मुवक्किल अपनी गलती को स्वीकार करते हैं और इस घटना की जिम्मेदारी लेते हैं। वकील ने कहा कि कई बार लोग गलत फैसले ले लेते हैं, लेकिन ऐसे फैसलों को स्वीकार करना और अपनी जिम्मेदारी समझना जरूरी होता है। उन्होंने कहा कि यह मामला किसी व्यक्ति की पहचान या उपलब्धियों से अलग है।
चाहे कोई डॉक्टर हो, बिजनेसमैन हो या फिर दुनिया के बेहतरीन क्रिकेटरों में शामिल खिलाड़ी, सड़क सुरक्षा के नियम सभी पर समान रूप से लागू होते हैं। उन्होंने अदालत को बताया कि वार्नर मानते हैं कि उन्होंने लापरवाही भरा फैसला लिया। गाड़ी चलाना उस स्थिति में गलत था और वह अपनी इस गलती को समझते हैं।
बिग बैश लीग में कप्तानी पर उठे सवाल
इस घटना का असर डेविड वार्नर के क्रिकेट करियर पर भी पड़ सकता है। फिलहाल वह ऑस्ट्रेलिया की घरेलू टी-20 प्रतियोगिता बिग बैश लीग (BBL) में सिडनी थंडर की कप्तानी कर रहे हैं। वार्नर के दोष स्वीकार करने के बाद अब उनकी कप्तानी की भूमिका को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
हालांकि टीम या लीग की ओर से अंतिम फैसला अदालत की सजा के बाद ही लिया जा सकता है। ऑस्ट्रेलियाई खेल जगत में खिलाड़ियों से अनुशासन और जिम्मेदारी की उम्मीद की जाती है। ऐसे में वार्नर के मामले पर क्रिकेट प्रशंसकों और खेल अधिकारियों की नजर बनी हुई है।
6 महीने का ड्राइविंग प्रतिबंध और जुर्माने की संभावना
ऑस्ट्रेलिया के नियमों के अनुसार, इस अपराध के लिए डेविड वार्नर को कम से कम छह महीने के लिए ड्राइविंग से प्रतिबंधित किया जा सकता है। इसके अलावा उन पर लगभग 2200 ऑस्ट्रेलियन डॉलर तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
गंभीर परिस्थितियों में इस अपराध के लिए जेल की सजा का प्रावधान भी है, जो अधिकतम नौ महीने तक हो सकती है। हालांकि अंतिम फैसला अदालत 18 अगस्त को सुनाएगी। डेविड वार्नर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार उपलब्धियां हासिल की हैं और वह ऑस्ट्रेलिया के सबसे सफल बल्लेबाजों में गिने जाते हैं।
Written By: Geeta Sharma