Madhepura Singheshwar Temple: सावन की अंतिम सोमवारी पर बिहार के मधेपुरा स्थित प्रसिद्ध सिंहेश्वरनाथ मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे थे। देखते ही देखते भीड़ इतनी बढ़ गई कि मंदिर के मुख्य द्वार के पास अफरातफरी की स्थिति बन गई। धक्का-मुक्की के बीच बैरिकेडिंग टूट गई और कई श्रद्धालु गिरकर घायल हो गए।

सुबह करीब 8 बजे बिगड़े हालात
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 8 बजे के बाद मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ अचानक बढ़ने लगी। जलाभिषेक के लिए लगी कतार में दबाव बढ़ा तो धक्का-मुक्की शुरू हो गई। देखते ही देखते कतार टूट गई और मंदिर परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। भीड़ के दबाव को प्रशासन की बैरिकेडिंग भी नहीं झेल सकी और वह टूट गई। इस दौरान कई श्रद्धालु एक-दूसरे पर गिर पड़े। कुछ लोगों को चोटें आईं और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

आधा दर्जन श्रद्धालु घायल
हादसे में करीब आधा दर्जन श्रद्धालुओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को तत्काल जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मधेपुरा ले जाया गया, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है। रिपोर्टों के मुताबिक, भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश में ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी भी चोटिल हो गया। भीड़ के दबाव में उसकी वर्दी तक फट गई।

यह भी पढ़ें: नशे में थीं या सिर्फ मस्ती में? हानिया आमिर का वीडियो वायरल, लड़खड़ाती जुबान पर यूजर्स ने उठाए सवाल

करीब आधे घंटे में काबू में आई भीड़
अफरातफरी की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम ने मोर्चा संभाला। काफी मशक्कत के बाद भीड़ को नियंत्रित किया गया और मंदिर परिसर में व्यवस्था बहाल की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं के जलाभिषेक और पूजा-अर्चना का सिलसिला दोबारा शुरू हुआ।

अंतिम सोमवारी पर उमड़ी थी भारी भीड़
सावन की अंतिम सोमवारी होने के कारण सिंहेश्वरनाथ मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की पहले से ही संभावना थी। जिला प्रशासन ने भी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में अधिकारियों और दंडाधिकारियों की तैनाती की थी। प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से मंदिर में प्रवेश कराने और भीड़ को नियंत्रित रखने की थी। इसके बावजूद सुबह भीड़ का दबाव अचानक बढ़ने से स्थिति बिगड़ गई।

श्रद्धालुओं से प्रशासन की अपील
हादसे के बाद प्रशासन ने श्रद्धालुओं से जल्दबाजी और धक्का-मुक्की नहीं करने की अपील की है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

यह भी पढ़ें: 24 घंटे बाद भी 22 क्रू मेंबर लापता, समुद्र में तेज हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन