Odisha Ship Sinking: ओडिशा तट से दूर बंगाल की खाड़ी में डूबे मालवाहक जहाज MV Ocean Winner के 22 क्रू मेंबरों का 24 घंटे बाद भी कोई पता नहीं चल पाया है। जहाज पर कुल 24 लोग सवार थे, जिनमें से 2 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। हालांकि बाकी लोगों की तलाश के लिए भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
24 घंटे बाद भी नहीं मिला 22 लोगों का सुराग
हादसे के बाद से लापता 22 क्रू मेंबरों की तलाश समुद्र के बड़े इलाके में की जा रही है। भारतीय एजेंसियां हवाई और समुद्री माध्यमों से खोज अभियान चला रही हैं। आसपास से गुजर रहे दूसरे जहाजों को भी सर्च ऑपरेशन में मदद के लिए लगाया गया है।
जहाज पर सवार थे 24 क्रू मेंबर
MV Ocean Winner में कुल 24 लोग सवार थे। इनमें 20 चीनी नागरिक, 3 म्यांमार के नागरिक और 1 बांग्लादेशी नागरिक शामिल था। हादसे के बाद 2 लोगों को लाइफ राफ्ट की मदद से सुरक्षित निकाल लिया गया।
नौसेना और कोस्ट गार्ड ने संभाला मोर्चा
लापता लोगों की तलाश के लिए भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल ने अभियान तेज कर दिया है। समुद्र में जहाजों के साथ-साथ नौसेना के P-8I समुद्री निगरानी विमान की मदद भी ली जा रही है। खराब समुद्री परिस्थितियों के बावजूद बचाव दल लगातार ऑपरेशन में जुटे हैं।
पारादीप से लौह अयस्क लेकर निकला था जहाज
रिपोर्ट्स के मुताबिक पनामा के झंडे वाला MV Ocean Winner ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से लौह अयस्क लेकर रवाना हुआ था। बाद में बंगाल की खाड़ी में जहाज डूब गया। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
परिवारों की बढ़ी चिंता
22 लोगों के अब तक नहीं मिलने से उनके परिवारों की चिंता बढ़ गई है। राहत और बचाव एजेंसियां समुद्र में लगातार निगरानी कर रही हैं। फिलहाल सबसे बड़ी प्राथमिकता लापता क्रू मेंबरों का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित निकालना है।
यह भी पढ़ें:रिंग की चैंपियन अब बिग बॉस के घर में! Mary Kom की एंट्री से मचेगा धमाल