UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बहुजन समाज पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। बसपा सुप्रीमो मायावती के निर्देश पर पार्टी ने बुधवार को दो और विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया। हरदोई की मिश्रिख विधानसभा सीट से अभिलाषा वर्मा और मेरठ की सरधना विधानसभा सीट से चौधरी विनीत भराला को चुनाव मैदान में उतारा गया है।
दौराला में सम्मेलन, सरधना से विनीत भराला के नाम का ऐलान
मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र के वलिदपुर गांव में बुधवार को बसपा के कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसी दौरान वरिष्ठ नेताओं ने सरधना विधानसभा सीट से चौधरी विनीत भराला को पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया। नाम के ऐलान के बाद उनके समर्थकों में उत्साह देखने को मिला और उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी।
कार्यकर्ता सम्मेलन में बसपा नेताओं ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। नेताओं ने आगामी चुनाव को देखते हुए गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क बढ़ाने और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया।
बसपा सरकार के काम गिनाने की तैयारी
प्रत्याशी घोषित होने के बाद चौधरी विनीत भराला ने पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारियों में जुटने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क अभियान के जरिए लोगों को पार्टी से जोड़ने का काम किया जाएगा और जनता के बीच बसपा शासन के दौरान हुए विकास कार्यों को बताया जाएगा।
अकेले चुनाव लड़ेगी बसपा
यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर बसपा पहले ही अपना रुख साफ कर चुकी है। पार्टी किसी भी दल के साथ गठबंधन करने के बजाय अकेले चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल के मुताबिक, पार्टी इस बार जनता के साथ गठबंधन कर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी।
उन्होंने कहा कि मायावती के निर्देश पर ग्रामीण इलाकों में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का अभियान चल रहा है। कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर जनसंपर्क कर रहे हैं और बूथवार पार्टी का आधार मजबूत करने में जुटे हैं। ऐसे में चुनाव से काफी पहले दो और सीटों पर प्रत्याशियों के ऐलान को बसपा की चुनावी रणनीति के अहम कदम के तौर पर देखा जा रहा है।
Written by Shailesh Yadav