UP Politics: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने NDA के सहयोगी दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर बड़ा दावा करते हुए भाजपा और उसके सहयोगियों पर तंज कसा है। अखिलेश के मुताबिक, भाजपा 403 विधानसभा सीटों में से 162 सीटें अपने छोटे सहयोगी दलों को देने की तैयारी कर रही है।
अखिलेश ने दावा किया कि जयंत चौधरी की राष्ट्रीय लोक दल (RLD) को 73, ओम प्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) को 39, संजय निषाद की निषाद पार्टी को 31 और अनुप्रिया पटेल के अपना दल को 19 सीटें मिल सकती हैं।
‘PDA के दबाव में भाजपा दे रही इतनी सीटें’
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि भाजपा अपनी संभावित हार को देखते हुए सहयोगी दलों को बड़ी संख्या में सीटें देने की तैयारी कर रही है। उन्होंने इसे PDA के दबाव का असर बताया। हालांकि, अखिलेश ने यह भी कहा कि सहयोगी दलों को दी जाने वाली सीटें PDA की आबादी के अनुपात में आधे से भी कम हैं और भाजपा की यह रणनीति सफल नहीं होगी।
राम मंदिर से लेकर बेरोजगारी तक BJP पर निशाना
अखिलेश ने अपनी पोस्ट में भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर हमला बोला। उन्होंने राम मंदिर, महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा, परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, स्वास्थ्य सेवाओं, बिजली, सड़कों और कानून-व्यवस्था समेत कई मुद्दे गिनाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों, व्यापारियों और युवाओं को उनके अधिकार नहीं मिले। साथ ही उन्होंने अग्निवीर योजना, भर्ती में आरक्षण और सरकारी संपत्तियों को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा।
अपना दल ने किया पलटवार
अखिलेश यादव के दावे पर अपना दल की ओर से पलटवार किया गया है। योगी सरकार में मंत्री और अनुप्रिया पटेल के पति आशीष पटेल ने कहा कि उनकी पार्टी ट्वीट और रीट्वीट की राजनीति नहीं करती, बल्कि जमीन पर जनता के बीच काम करने और गठबंधन के साथ मजबूती से खड़े रहने में विश्वास करती है। आशीष पटेल ने कहा कि NDA पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रहा है। उन्होंने अखिलेश पर तंज कसते हुए कहा कि शायद इसी हकीकत से परेशान होकर वह अफवाहों को सच साबित करने की कोशिश कर रहे हैं।
2027 से पहले सीटों पर सियासत गरम
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव अभी दूर हैं, लेकिन भाजपा और उसके सहयोगी दलों के साथ-साथ सपा-कांग्रेस खेमे में भी चुनावी तैयारियां तेज हो रही हैं। ऐसे में सीट बंटवारे को लेकर अखिलेश का दावा फिलहाल सियासी बयानबाजी का हिस्सा है, आधिकारिक सीट शेयरिंग की घोषणा नहीं।
और पढ़ें: कभी कटा था टिकट, आज मिली यूपी की कमान… कौन हैं विनोद तावड़े?
Written by Shailesh Yadav