UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में अभी समय है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने चुनावी बिसात बिछाने की तैयारी अभी से तेज कर दी है। राज्य में महिला मतदाताओं की निर्णायक भूमिका को देखते हुए योगी सरकार 'आधी आबादी' को अपने पाले में लाने के लिए एक बड़े 'मास्टरस्ट्रोक' की योजना बना रही है। सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठकों में महिलाओं के लिए किसी बड़ी जनकल्याणकारी योजना को लागू करने पर गंभीर चर्चा हुई है। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।
किन 3 विकल्पों पर हो रहा है मंथन?
महिलाओं के बैंक खातों में सीधे ₹50,000 तक की वित्तीय सहायता राशि ट्रांसफर करना।
शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल विकास (Skill Development) को बढ़ावा देने वाली विशेष योजनाओं की शुरुआत।
प्रदेश में पहले से चल रही महिला कल्याणकारी योजनाओं का बजट और दायरा बढ़ाना।
अन्य राज्यों के फॉर्मूले से ली प्रेरणा
मध्य प्रदेश (लाडली बहना), महाराष्ट्र (लड़की बहिन), छत्तीसगढ़, दिल्ली, बिहार और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में महिलाओं के खाते में सीधे पैसे भेजने या विशेष कल्याणकारी योजनाएं शुरू करने का चुनावी फॉर्मूला काफी सफल रहा है। इसी तर्ज पर बीजेपी यूपी में भी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर चुनावी समीकरण अपने पक्ष में करने की तैयारी में है।
कारखानों से कारतूस तक बना रही हैं यूपी की महिलाएं
बीजेपी प्रवक्ता ऋचा सिंह ने इस पहल पर कहा कि आज यूपी में डबल इंजन सरकार के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त किया जा रहा है। करोड़ों महिलाओं को सरकारी योजनाओं से सीधा सहारा मिल रहा है। आज प्रदेश की महिलाएं कारखानों में काम करने से लेकर कारतूस बनाने तक का काम कर सामाजिक मुख्यधारा में शामिल हो रही हैं।
यूपी में वर्तमान में चल रही प्रमुख महिला योजनाएं
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना: गरीब बालिकाओं को स्नातक तक विभिन्न चरणों में वित्तीय सहायता।
रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना: स्नातक उत्तीर्ण मेधावी छात्राओं को मुफ़्त स्कूटी।
निराश्रित महिला पेंशन योजना: बेसहारा महिलाओं को ₹1,000 प्रति माह (₹3,000 प्रति तिमाही) पेंशन।
लखपति दीदी व स्वयं सहायता समूह: ग्रामीण व शहरी महिलाओं को स्वरोजगार व लघु उद्योगों से जोड़ना।
मुफ़्त बस यात्रा: यूपी रोडवेज बसों में 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए मुफ़्त यात्रा सुविधा।
रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष: हिंसा पीड़ित महिलाओं के उपचार व पुनर्वास के लिए आर्थिक मदद।
क्या होगा अगला कदम?
बीजेपी नेतृत्व और योगी सरकार का मुख्य ध्यान इस बात पर है कि योजना को किस स्वरूप में लागू किया जाए, जिससे महिलाओं को सीधा और अधिकतम लाभ मिल सके। आंकड़ों के संकलन के बाद जल्द ही इस मास्टरस्ट्रोक योजना का आधिकारिक ऐलान किया जा सकता है।
और पढ़ें; यूपी चुनाव 2027: BJP का ‘बूथ चक्रव्यूह’, क्या अखिलेश तोड़ पाएंगे सपा के सामने खड़ा यह सियासी घेरा?
Written by Shailesh Yadav