इंग्लैंड के खिलाफ जीत के बाद अर्जेंटीना के खिलाड़ियों ने जश्न के दौरान एक विवादित बैनर दिखाकर नया विवाद खड़ा कर दिया है। बैनर पर स्पेनिश भाषा में "Las Malvinas son Argentinas" लिखा था, जिसका मतलब है कि माल्विनास (फॉकलैंड द्वीप) अर्जेंटीना का है। अब इस मामले में FIFA की संभावित कार्रवाई पर नजर है।

फॉकलैंड द्वीप को लेकर ब्रिटेन और अर्जेंटीना के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। अर्जेंटीना इसे माल्विनास कहता है और अपना हिस्सा बताता है, जबकि ब्रिटेन का इस क्षेत्र पर नियंत्रण है। इसी मुद्दे को लेकर 1982 में दोनों देशों के बीच युद्ध भी हुआ था, जिसमें सैकड़ों सैनिकों की मौत हुई थी।

युद्ध के बाद ब्रिटेन ने फॉकलैंड द्वीपों पर अपना नियंत्रण बनाए रखा, लेकिन अर्जेंटीना आज भी इस पर दावा करता है। अब देखना होगा कि खिलाड़ियों द्वारा राजनीतिक संदेश वाले बैनर के इस्तेमाल पर FIFA कोई कार्रवाई करता है या नहीं।

अर्जेंटीना टीम पर FIFA लेगा एक्शन? बैनर विवाद में हो सकती है जांच

राजनीतिक, आपत्तिजनक या भेदभावपूर्ण संदेश वाले कपड़े, बैनर, झंडे या अन्य चीजों का इस्तेमाल FIFA की आचार संहिता का उल्लंघन माना जाता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, FIFA ने अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।

हालांकि, रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार FIFA इस मामले की जांच कर सकता है और नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर अर्जेंटीना टीम के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है। इससे पहले 2014 में एक फ्रेंडली मैच के बाद अर्जेंटीना के खिलाड़ियों ने इसी तरह का बैनर दिखाया था, जिसके बाद FIFA ने कार्रवाई करते हुए 20 हजार पाउंड का जुर्माना लगाया था।

 

 Written By: Archana Gupta