लखनऊ: नागपंचमी के मौके पर भाजपा नेता अपर्णा यादव ने अपनी बेटी प्रथमा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में प्रथमा सांपों के साथ नजर आ रही हैं और एक सांप को गले में डाले हुए दिखाई दे रही हैं। अपर्णा यादव ने बेटी के इस वीडियो के साथ भावुक संदेश भी लिखा है।
‘प्रथमा ने सर्पों को करुणापूर्वक जंगल में छोड़ा’
बता दें कि अपर्णा यादव ने वीडियो शेयर करते हुए बताया कि नागपंचमी के दिन उनकी बेटी प्रथमा ने सांपों को सपेरे से लेकर उन्हें करुणापूर्वक जंगल में आजाद किया। उन्होंने दावा किया कि सांपों को लखनऊ से दूर वन क्षेत्र में छोड़ा गया।
अपर्णा ने लिखा कि सांपों ने भी उनकी बेटी को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। उन्होंने बेटी के इस काम को अपने पिता प्रतीक यादव के पशु प्रेम और उनके सिद्धांतों से जोड़ते हुए कहा कि उन्हें अपनी बेटी पर गर्व है।
‘पिता के उसूलों को जीवंत रखे’
अपर्णा यादव ने अपने संदेश में लिखा कि प्रथमा अपने पिता के पशु प्रेम को हमेशा जीवंत रखे। उन्होंने अहिंसा को जरूरी बताते हुए बेटी के लिए आशीर्वाद की कामना की।
वीडियो में प्रथमा सांपों के साथ सहज नजर आ रही हैं। हालांकि, विशेषज्ञों की सलाह के मुताबिक सांपों को हाथ लगाना या गले में डालना बेहद जोखिम भरा हो सकता है, क्योंकि जहरीले सांप की पहचान आम व्यक्ति के लिए मुश्किल होती है।
प्रतीक यादव का मई में हुआ था निधन
अपर्णा यादव के पति और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का 13 मई 2026 को 38 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। उन्हें गंभीर हालत में लखनऊ के अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी मौत का प्राथमिक कारण कार्डियोरेस्पिरेटरी कॉलैप्स बताया गया था। रिपोर्ट में पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म यानी फेफड़ों की रक्त वाहिका में खून का थक्का बनने का भी उल्लेख किया गया था। प्रतीक यादव के निधन के बाद से अपर्णा यादव सोशल मीडिया पर अक्सर उनसे और अपने परिवार से जुड़ी यादें साझा करती रही हैं। नागपंचमी पर बेटी का यह वीडियो भी उसी भावनात्मक संदर्भ में देखा जा रहा है।
और पढ़ें:
Written by Shailesh Yadav