भारतीय टीम 15 अगस्त से शुरू होने श्रीलंका टेस्ट की तैयारी में जुटी है। सीरीज शुरू होने से पहले टीम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहे हैं। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की जगह जम्मू-कश्मीर के युवा पेसर आकिब नबी को मुख्य स्क्वाड में शामिल किया गया है। इसी बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने दो और खिलाड़ियों को श्रीलंका भेजने का फैसला लिया है। जानकारी के मुताबिक, हर्ष दुबे और तनुष कोटियन भारतीय टीम के साथ नेट गेंदबाज के रूप में जुड़ेंगे। दोनों खिलाड़ी 4 अगस्त को श्रीलंका के लिए रवाना होंगे। हालांकि श्रीलंका की पिचें आमतौर पर स्पिन गेंदबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती हैं, फिर भी दोनों को मुख्य टीम में जगह नहीं मिल सकी। अब वे अभ्यास सत्र के दौरान भारतीय बल्लेबाजों को नेट्स में गेंदबाजी करेंगे।

स्पिन विभाग में ये खिलाड़ी भी शामिल

भारतीय टीम के स्पिन विभाग में इस समय कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा, मानव सुथार और सारांश जैन शामिल हैं। लंबे अंतराल के बाद रवींद्र जडेजा की टेस्ट टीम में वापसी हुई है। वह अफगानिस्तान के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं थे। दूसरी ओर, मानव सुथार ने अपने डेब्यू टेस्ट में शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का भरोसा कायम रखा। वहीं 33 वर्षीय सारांश जैन को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिली है।

श्रीलंका दौरे में ये खिलाड़ी शामिल

शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, आकिब नबी, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल और सारांश जैन। हर्ष दुबे ने हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था, उन्होंने दो मुकाबलों में चार विकेट लेकर अपनी छाप छोड़ी। वहीं 27 वर्षीय तनुष कोटियन अभी तक भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेल पाए हैं। वह दाएं हाथ के ऑफ स्पिनर हैं और निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी भी कर सकते हैं।

भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज का कार्यक्रम

पहला टेस्ट: 15 से 19 अगस्त, गाले
दूसरा टेस्ट: 23 से 27 अगस्त, कोलंबो

अगर दोनों देशों के टेस्ट इतिहास पर नजर डालें तो पिछले 18 वर्षों में श्रीलंका भारत के खिलाफ कोई भी टेस्ट सीरीज नहीं जीत पाया है। श्रीलंका ने आखिरी बार 2008 में भारत को टेस्ट सीरीज में हराया था। उस समय टीम की कप्तानी महेला जयवर्धने के पास थी और स्क्वाड में कुमार संगाकारा, तिलकरत्ने दिलशान तथा चामिंडा वास जैसे दिग्गज खिलाड़ी मौजूद थे। इसके बाद भारत और श्रीलंका के बीच छह टेस्ट सीरीज खेली गईं, जिनमें भारत ने पांच बार जीत दर्ज की, जबकि एक सीरीज ड्रॉ रही।

 

ये भी पढ़ें- अर्शदीप सिंह की निजी जिंदगी फिर चर्चा में....समरीन कौर संग तस्वीरों शेयर कर कही ये बात

 

 Written By Toshi Shah