West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल में अमित शाह ने एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान अमित शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर राज्य में भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सीएम ममता बनर्जी ने दावा किया था कि बीजेपी राज्य में सत्ता में आने पर किसी बाहरी व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाएगी। लेकिन मैं आपकों ये आश्वासन देता हूं कि चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद बीजेपी बंगाली भाषी को ही सीएम बनाएगी।
बंगाली भाषी ही बंगाल का सीएम बनेगा!
अमित शाह ने कहा, 'अब भय की राजनीति करने वाली ममता बनर्जी को हटाना है। उन्होंने बंगाल को गुंडों के भरोसे छोड़ दिया है। उनका एक ही लक्ष्य अपने भतीजे को मुख्यमंत्री बनाना है। सीएम ममता लोगों को गुमराह कर रही हैं कि बीजेपी आएगी तो यहां बाहरी मुख्यमंत्री बनाएगी। मैं आज कहकर जाता हूं, बंगाल का मुख्यमंत्री बंगाल में ही जन्मा हुआ होगा, बंगाली भाषी, बंगाली माध्यम में पढ़ा हुआ बीजेपी का नेता ही होगा।'
#WATCH | उत्तर 24 परगना, पश्चिम बंगाल: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "कल पहले चरण का चुनाव समाप्त हो गया है, 151 सीटों पर मतदान हो गया है... TMC और ममता दीदी का सूपड़ा साफ होने वाला है। बंगाल में भाजपा की सरकार बनने वाली है।" pic.twitter.com/fITDZVv7ZH
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 24, 2026
'सिंडिकेट वाले गुंडे अब बंगाल में नहीं रह पाएंगे'
आगे उन्होंने कहा, 'आज पूरा बंगाल सिंडिकेट से परेशान है। आपको सीमेंट लेना है तो सिंडिकेट को पैसा देना पड़ता है। ईंट लेनी है तो सिंडिकेट को पैसा देना पड़ता है, बालू लेना है तो सिंडिकेट को पैसा देना पड़ता है, लेकिन दमदम वालों मेरा वादा याद रखना 5 तारीख के बाद सिंडिकेट वाले बंगाल छोड़कर पलायन कर जाएंगे। और दीदी के कारण इंडस्ट्री गई है और बीजेपी के कारण ये सिंडिकेट वाले गुंडे बंगाल छोड़कर भाग जाएंगे।'
'TMC सरकार के राज में बेटियां असुरक्षित'
शाह ने आरोप लगाया कि ममता सरकार के राज में बेटियां पूरी तरह असुरक्षित हैं। आगे अमित शाह ने कहा, 'आरजी कर, दुर्गापुर मेडिकल कॉलेज, साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज अनेक संस्थाओं में हमारी बच्चियों के साथ दुष्कर्म किए गए। इसके बावजूद ममता दीदी ने महिलाओं के ऊपर ही कीचड़ उछाला और कहा कि रात में 7 बजे के बाद महिलाओं को बाहर क्यों जाना चाहिए। लेकिन मैं वादा करके जाता हूं कि 5 मई के बाद एक छोटी भी बच्ची जब स्कूटी से निकलेगी तो कोई गुंडा उसे आंख उठाकर भी नहीं देख सकेगा। हम बंगाल की बहनों और बच्चियों को भय से मुक्त करने का काम करेंगे।
Written By: Geeta Sharma