Akhilesh Yadav: 1 मई यानी आज से हीग कामर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 993 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। अब विपक्ष बढ़ी कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर हमलावर है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सिलेंडर महंगा नहीं होता, रोटी-थाली महंगी होती है। और ये बात वही जानता है जो खुद खरीदकर खाता है। वो नहीं जो दूसरों की थाली से चुराता है।

7 रुपये क्यों छोड़े 1000 रूपये महंगा कर देते: अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने आगे कहा कि सिलेंडर महंगा करना ही था तो सीधे 1000 रूपये महंगा कर देते। 1000 में 7 रुपये कम करके ये भाजपावाले क्या साबित करना चाहते हैं? बीजेपी महंगाई, बेरोजगारी, बेकारी व मंदी पर निंदा प्रस्ताव कब लाएगी? भाजपा सरकार बस जनता को लूटने का काम कर रही है। इनके राज में आम जनता महंगाई से त्रस्त है।

सरकार की वसूली जारी है: कांग्रेस

वहीं कांग्रेस ने भी कमर्शियल सिलेंडर के बढ़ी कीमतों को लेकर तंज कसा है। कांग्रेस की ओर से सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट शेयर किया। पोस्ट में लिखा है कि आज कमर्शियल सिलेंडर 993 रुपए महंगा हुआ है। पीएम मोदी ने पिछले 4 महीने में कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ाए हैं। आंकड़ों का जिक्र करते हुए कांग्रेस ने पूरी लिस्ट साझा की। लिस्ट में कब कितना दाम बढ़ा है सबका जिक्र किया गया।

'मोदी सरकार सिर्फ वसूली करना जानती है'

आगे कांग्रेस ने कहा कि इस साल टोटल 1,518 रुपये सिलेंडर के दाम बढ़े हैं। कमर्शियल सिलेंडर सिर्फ 4 महीने में 1,518 रुपए महंगा हो गया, अभी साल के 8 महीने बाकी हैं। मोदी की वसूली जारी है। मोदी सरकार सिर्फ वसूली करना जानती है। अब 5 किलो वाला सिलेंडर भी महंगा कर दिया। पहले आधार कार्ड पर सिलेंडर बांटे, फिर उसका दाम बढ़ा दिया।

 Written By: Geeta Sharma