भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने पश्चिम बंगाल के दो विधानसभा क्षेत्रों के 15 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराने का निर्देश दिया है। यह फैसला 29 अप्रैल को हुए दूसरे चरण के मतदान के दौरान गड़बड़ी और हेराफेरी की शिकायतों के बाद लिया गया।
15 बूथों पर दोबारा मतदान
आयोग के अनुसार, दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों में पुनर्मतदान कराया जाएगा। इसमें मगराहाट पश्चिम के 11 और डायमंड हार्बर के 4 मतदान केंद्र शामिल हैं। सभी बूथों पर मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा।
आयोग ने कही ये बात
चुनाव आयोग ने संबंधित क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर सूचना प्रसारित करने के निर्देश दिए हैं, साथ ही सभी उम्मीदवारों को पुनर्मतदान की जानकारी लिखित रूप में देने को कहा गया है। आयोग ने यह भी निर्देश दिया कि लोगों को जागरूक करने के लिए पारंपरिक तरीकों, जैसे ढोल बजाकर घोषणा, का भी इस्तेमाल किया जाए।
जिन बूथों पर होगा पुनर्मतदान
मगराहाट पश्चिम (142) – दक्षिण 24 परगना
* 46 – उत्तर येरपुर एफपी स्कूल (कमरा 2)
* 126 – नजरा एफपी स्कूल (कमरा 1)
* 127 – नजरा एफपी स्कूल (कमरा 2)
* 128 – देउला एफपी स्कूल (कमरा 1)
* 142 – घोला नोयापारा गर्ल्स हाई मदरसा (कमरा 2)
* 214 – एकतारा मलाया एफपी स्कूल (कमरा 1)
* 215 – एकतारा मलाया एफपी स्कूल (कमरा 2)
* 216 – एकतारा मलाया धोरा एफपी स्कूल (कमरा 1)
* 230 – बहिरपुया कुरकुरिया एफपी स्कूल (कमरा 1)
* 231 – बहिरपुया कुरकुरिया एफपी स्कूल (कमरा 2)
* 232 – बहिरपुया कुरकुरिया एफपी स्कूल (कमरा 3)
डायमंड हार्बर (143) – दक्षिण 24 परगना
* 117 – बगदा जूनियर हाई स्कूल
* 179 – चंदा एफपी स्कूल (कमरा 2)
* 194 – हरिदेवपुर एफपी स्कूल
* 243 – रॉयनगर एफपी स्कूल (कमरा 2)
पुनर्मतदान की वजह
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल के मुताबिक, दूसरे चरण के मतदान के दौरान ईवीएम से जुड़ी गड़बड़ी के 77 मामले सामने आए थे, उन्होंने कहा था कि जिन बूथों पर नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होगी, वहां पुनर्मतदान कराया जाएगा।
आयोग हुआ सतर्क
चुनाव के बाद संभावित हिंसा को देखते हुए आयोग सतर्क है और पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिम बंगाल में मतदान 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में हुआ था, जिसमें रिकॉर्ड स्तर की भागीदारी दर्ज की गई।
Written By Toshi Shah