दिल्ली के शाहदरा इलाके के विवेक विहार में रविवार तड़के एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में 9 लोगों की जान चली गई, जबकि राहत और बचाव कार्य के दौरान 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना में दो लोग हल्के रूप से घायल भी हुए हैं।

शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी आग

मौके पर पहुंचे भाजपा विधायक संजय ने बताया कि आग सुबह करीब 3:45 बजे शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी और कुछ ही समय में पूरी इमारत में फैल गई, उन्होंने कहा कि कुछ लोग दरवाजा नहीं खोल पाए, जिसके कारण वे बाहर नहीं निकल सके और उनकी मौत हो गई। कई शव बुरी तरह जल चुके हैं, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में डीएनए जांच के जरिए पहचान की जाएगी। पुलिस ने शवों की तस्वीरें भी ली हैं। हालांकि शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को कारण माना जा रहा है, लेकिन कुछ लोगों का कहना है कि एसी में विस्फोट भी वजह हो सकता है।

फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा के अनुसार, सुबह करीब 4 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल तलाशी अभियान जारी है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई और अंदर फंसा तो नहीं है।

20 लोगों को बालकनी और खिड़कियों से निकला गए

स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी भी एक-दो परिवार के अंदर फंसे होने की आशंका है। एक निवासी चरणजीत सिंह ने बताया कि 10 से अधिक दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं और करीब 20 लोगों को बालकनी और खिड़कियों के जरिए बाहर निकाला गया। उनका मानना है कि पीछे की ओर रहने वाले कुछ लोग निकलने में सफल रहे होंगे, लेकिन कुछ परिवार अब भी अंदर हो सकते हैं।

 

Written By Toshi Shah