UP News: यूपी में बारिश आफत बन बरस रही है। बारिश के वजह से नदियों का जलस्तर बढ़ने से प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश के 13 जिलों के करीब 173 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। इससे लगभग 84,362 आबादी और 13,058 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित हुआ है।

हालांकि राज्य राहत आयुक्त ऋषिकेश भास्कर यशोदा द्वारा बताया गया की राज्य में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। वहीं दूसरी तरफ जिला प्रशासनों को हाई अलर्ट पर रखा गया है, ताकि प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सकते। साथ ही उन्हें
भोजन व स्वास्थ्य से जुड़ी सुविधाएं दी जा रही हैं।

173 गांव बाढ़ से प्रभावित

जानकारी के अनुसार, राज्य के 13 जिलों के 173 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। जिनमें बदायूं, बहराइच, बलिया, बाराबंकी, बिजनौर, फर्रुखाबाद, गौतम बुद्ध नगर, गोंडा, कासगंज, लखीमपुर खीरी, मुजफ्फरनगर, सीतापुर और उन्नाव शामिल है। फिलहाल,बाढ़ की स्थिति पर नजर रखने के लिए राहत आयुक्त कार्यालय जिलों के कंट्रोल रूम से लगातार संपर्क में है। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 1070 पर मिलने वाली शिकायतों कार्रवाई की जा रही है।

राहत कार्य युद्ध स्तर पर जारी

वहीं प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है। राज्य में लगभग 1,589 बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं। 1,263 बाढ़ रिलीफ शेल्टर तैयार किए गए हैं, जिनमें से 41 शेल्टर एक्टिव हैं और इनमें 1,045 लोग रह रहे हैं। कुल 4,845 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा चुका है। साथ ही अब तक 15,238 खाद्यान्न पैकेट और 30,316 लंच पैकेट भी प्रभावित लोगों को वितरित किए जा चुके हैं। राहत अभियानों के लिए 428 नावें व मोटर बोट्स और 1,101 स्थानीय गोताखोरों को तैनात किया गया है।

ये भी पढ़ें: ट्रंप ने होर्मुज को बताया अमेरिकी क्षेत्र, ईरान हुआ आगबबूला!

NDRF, SDRF और PAC की टीमें तैनात

किसी भी आपात से निपटने के लिए राज्यभर में NDRF की 16 टीमें तैनात की गई हैं। SDRF और PAC की टीमों को 52 जिलों में मुस्तैद रखा गया है। साथ ही मौसम विभाग की चेतावनियों को जनता तक पहुंचाने के लिए 1 अगस्त से 18 अगस्त 2026 के बीच 140.52 करोड़ से अधिक SMS अलर्ट भेजे गए हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से भी बाढ़ व आपदा बचाव के उपाय साझा किए जा रहे हैं।

Written By: Geeta Sharma