फुटबॉल की दुनिया में इन दिनों एक शब्द काफी चर्चा में है ‘ऑरा’। यानी किसी टीम या खिलाड़ी का ऐसा प्रभाव, ऐसा दबदबा जिसे देखकर बाकी दुनिया उसकी ताकत को महसूस करे। मौजूदा समय में अगर किसी देश की फुटबॉल में सबसे मजबूत पहचान बनी है तो वह है 'स्पेन'।

स्पेन का यह ऑरा सिर्फ चर्चाओं या तारीफों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे मजबूत आंकड़े हैं। पिछले पांच सालों में स्पेन ने महिला और पुरुष फुटबॉल के अलग-अलग स्तरों पर कुल 16 बड़े खिताब अपने नाम किए हैं। यह उपलब्धि बताती है कि स्पेन ने सिर्फ एक टीम नहीं, बल्कि पूरे फुटबॉल सिस्टम को मजबूत बनाया है।

16 साल बाद पुरुष टीम ने जीता वर्ल्ड कप

स्पेन की पुरुष फुटबॉल टीम ने हाल ही में फीफा वर्ल्ड कप-2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। न्यूयॉर्क के न्यूजर्सी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में स्पेन ने अर्जेंटीना को हराकर विश्व विजेता का ताज हासिल किया।

इससे पहले स्पेन ने साल 2010 में पहली बार पुरुष फीफा वर्ल्ड कप जीता था। 16 साल के लंबे इंतजार के बाद मिली यह जीत स्पेन के लिए बेहद खास रही। इस खिताब के साथ स्पेन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह विश्व फुटबॉल की सबसे ताकतवर टीमों में शामिल है।

पुरुष और महिला दोनों वर्गों में विश्व चैंपियन बनने वाला पहला देश

स्पेन ने एक ऐसी उपलब्धि हासिल की जो इससे पहले कोई देश नहीं कर पाया था। पुरुष टीम के 2026 वर्ल्ड कप जीतने से पहले स्पेन की महिला टीम साल 2023 में इंग्लैंड को हराकर फीफा महिला वर्ल्ड कप चैंपियन बनी थी।

इसके साथ ही स्पेन दुनिया का पहला ऐसा देश बन गया जिसके पास एक ही समय में पुरुष और महिला दोनों वर्गों की विश्व कप ट्रॉफी है। यह उपलब्धि स्पेन के फुटबॉल ढांचे और युवा खिलाड़ियों को तैयार करने की रणनीति की सफलता को दिखाती है।

5 साल में स्पेन की शानदार ट्रॉफी यात्रा

स्पेन की सफलता सिर्फ सीनियर टीम तक सीमित नहीं रही। अंडर-17 से लेकर सीनियर स्तर तक महिला और पुरुष दोनों वर्गों में स्पेन ने लगातार खिताब जीते हैं। पुरुष टीम ने साल 2023 में नेशंस लीग का खिताब जीता। इसके बाद 2024 में यूरो कप और ओलंपिक गोल्ड मेडल जीतकर अपनी ताकत दिखाई। वहीं 2026 में वर्ल्ड कप जीतकर उसने अपनी उपलब्धियों में एक और बड़ा अध्याय जोड़ दिया। महिला टीम ने भी पीछे नहीं छोड़ा। 2023 में वर्ल्ड कप जीतने के बाद स्पेन ने 2024 और 2025 में नेशंस लीग की ट्रॉफी अपने नाम की।

स्पेन की खिताबी लिस्ट

महिला फुटबॉल टीम के 11 खिताब

सीनियर टीम:

फीफा महिला वर्ल्ड कप – 2023
नेशंस लीग – 2024, 2025

अंडर-20 टीम:

फीफा अंडर-20 वर्ल्ड कप – 2022

अंडर-19 टीम:

यूरोपियन चैंपियनशिप – 2022, 2023, 2024, 2025, 2026

अंडर-17 टीम:

फीफा अंडर-17 वर्ल्ड कप – 2022
यूरोपियन चैंपियनशिप – 2024

पुरुष फुटबॉल टीम के 5 खिताब

सीनियर टीम:

फीफा वर्ल्ड कप – 2026
यूरोपियन चैंपियनशिप – 2024
नेशंस लीग – 2023

अंडर-23 टीम:

ओलंपिक गोल्ड मेडल – 2024

अंडर-19 टीम:

यूरोपियन चैंपियनशिप – 2026

स्पेन का भविष्य भी मजबूत नजर आ रहा है

स्पेन की यह सफलता अचानक नहीं आई है। इसके पीछे वर्षों की मेहनत, युवा खिलाड़ियों को तैयार करने की योजना और तकनीकी फुटबॉल पर जोर है। आज स्पेन सिर्फ ट्रॉफियां जीतने वाला देश नहीं, बल्कि फुटबॉल की नई ताकत का प्रतीक बन चुका है।

5 साल में 16 खिताब जीतकर स्पेन ने साबित कर दिया है कि उसका ‘ऑरा’ सिर्फ मौजूदा दौर की चमक नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों में भी फुटबॉल पर राज करने की क्षमता रखता है।

Written By: Geeta Sharma