Fairness Cream Effect Kidney Health: खूबसूरत और बेदाग त्वचा पाने की चाहत में लोग कई तरह की फेयरनेस और स्किन लाइटनिंग क्रीम का इस्तेमाल करते हैं। सोशल मीडिया पर इनके विज्ञापन और इन्फ्लुएंसर्स के प्रमोशन भी लोगों को जल्दी नतीजे मिलने का भरोसा दिलाते हैं। लेकिन इन प्रोडक्ट्स में मौजूद कुछ हानिकारक केमिकल सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। केरल के मलप्पुरम जिले से सामने आया एक मामला इसी खतरे की ओर इशारा करता है।

सोशल मीडिया के विज्ञापन से खरीदी क्रीम

रिपोर्ट्स के मुताबिक, केरल की एक किशोरी ने सोशल मीडिया पर विज्ञापन देखने के बाद अगस्त 2025 से एक फेयरनेस क्रीम का इस्तेमाल शुरू किया था। क्रीम में मुंहासे, दाग-धब्बे और पिगमेंटेशन दूर करने का दावा किया गया था। शुरुआत में उसे क्रीम असरदार लगी, लेकिन कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। उसे लो ब्लड प्रेशर, बेहोशी और पैरों में सूजन जैसी समस्याएं होने लगीं। हालत गंभीर होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जांच में मिला 12,500 PPM पारा

डॉक्टरों की जांच में किशोरी को मेम्ब्रेनस नेफ्रोपैथी नाम की गंभीर किडनी बीमारी होने का पता चला। इसके बाद शरीर में जहरीले पदार्थ की मौजूदगी की आशंका जताई गई। जांच में उसके शरीर में पारे (Mercury) का स्तर काफी अधिक पाया गया। वहीं, इस्तेमाल की जा रही क्रीम की लैब जांच में पारे की मात्रा 12,500 पार्ट्स प्रति मिलियन (PPM) बताई गई।

कैसे किडनी को नुकसान पहुंचाता है पारा?

पारा एक जहरीली धातु है, जिसका इस्तेमाल कुछ अवैध स्किन लाइटनिंग क्रीम में किया जाता है। पारा युक्त क्रीम को बार-बार लगाने से इसके कुछ यौगिक त्वचा के जरिए शरीर में प्रवेश कर सकते हैं। इसके बाद ये खून के माध्यम से किडनी तक पहुंचते हैं।

किडनी खून को फिल्टर करके शरीर से अपशिष्ट पदार्थ बाहर निकालती है। पारे के संपर्क में आने से किडनी के फिल्टर यानी ग्लोमेरुली को नुकसान पहुंच सकता है। इससे पेशाब के जरिए प्रोटीन निकलने लगता है, शरीर में सूजन आ सकती है और गंभीर मामलों में किडनी की कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है।

क्रीम खरीदते समय बरतें ये सावधानियां

हर फेयरनेस क्रीम में पारा (Mercury) नहीं होता, लेकिन कुछ नकली और मिलावटी क्रीम में ऐसे केमिकल हो सकते हैं, जो त्वचा और सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसलिए क्रीम खरीदते समय कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है।

1. हमेशा अच्छी और भरोसेमंद कंपनी की क्रीम खरीदें।
2. सोशल मीडिया पर दिखने वाले हर विज्ञापन पर भरोसा न करें।
3. जल्दी गोरा करने का दावा करने वाली क्रीम से बचें।
4. क्रीम पर लिखी सामग्री, कंपनी का नाम और एक्सपायरी डेट जरूर देखें।
5. बिना लेबल वाली क्रीम का इस्तेमाल न करें।

याद रखें, गोरा होने से ज्यादा जरूरी स्वस्थ त्वचा है। क्रीम लगाने से खुजली, जलन या एलर्जी हो तो उसका इस्तेमाल बंद करें और डॉक्टर से सलाह लें।

ये भी पढ़ें: आयुष्मान कार्ड में इन बीमारियों का नहीं मिलता फ्री इलाज! अस्पताल भी कर देते हैं मना