सर्दियों के मौसम में शरीर को गर्म रखने के लिए लोग अपनी डाइट में कई तरह की गर्म और पौष्टिक चीजें शामिल करते हैं। ऐसे में मोरिंगा का सूप एक अच्छा विकल्प हो सकता है। मोरिंगा को सहजन के नाम से भी जाना जाता है। इसकी पत्तियां कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होती हैं। इनमें विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। अच्छी बात यह है कि इस सूप को बनाने के लिए ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ती और यह घर पर आसानी से तैयार हो जाता है।

मोरिंगा सूप बनाने के लिए जरूरी सामग्री

इस हेल्दी सूप को बनाने के लिए आपको रसोई में आसानी से मिलने वाली कुछ चीजों की जरूरत होगी।

- एक कप ताजी मोरिंगा की पत्तियां
- एक छोटा प्याज
- एक टमाटर
- 2-3 लहसुन की कलियां
- आधा चम्मच काली मिर्च
- स्वाद के अनुसार नमक
- एक चम्मच घी या तेल
- दो कप पानी या वेजिटेबल स्टॉक
- थोड़ी सी कटी हुई गाजर (वैकल्पिक)

सूप बनाने से पहले मोरिंगा की पत्तियों को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें। इसके बाद उनकी मोटी डंठल अलग कर दें।

इस तरह घर पर बनाएं गर्मागर्म मोरिंगा सूप

सबसे पहले एक पैन में घी या तेल गर्म करें। इसमें बारीक कटा प्याज और लहसुन डालकर कुछ देर भूनें। जब प्याज हल्का नरम हो जाए, तो इसमें टमाटर और गाजर डाल दें। अब इसमें मोरिंगा की पत्तियां मिलाएं और थोड़ी देर पकने दें। इसके बाद दो कप पानी या सब्जियों का स्टॉक डालकर पैन को ढक दें। धीमी आंच पर करीब 8 से 10 मिनट तक पकाएं, ताकि सभी सब्जियां अच्छी तरह नरम हो जाएं।

जब सब्जियां पक जाएं, तो गैस बंद कर दें और मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें। अब इसे मिक्सर में डालकर अच्छी तरह पीस लें। तैयार पेस्ट को वापस पैन में डालें। सूप जितना पतला रखना चाहते हैं, उसके हिसाब से थोड़ा पानी मिला सकते हैं। आखिर में नमक और काली मिर्च डालकर कुछ मिनट तक गर्म करें। बस, आपका स्वादिष्ट और पौष्टिक मोरिंगा सूप तैयार है। इसे गर्मागर्म परोसे।

ये भी पढ़ें-क्या आप भी अखबार में रखते हैं गर्म रोटियां? सेहत पर पड़ सकता है बुरा असर; जानिए वजह

सर्दियों में मोरिंगा सूप पीने से क्या मिलते हैं फायदे?

मोरिंगा की पत्तियों में कई ऐसे पोषक तत्व होते हैं, जो शरीर के लिए जरूरी हैं। इनमें विटामिन ए, विटामिन सी, कैल्शियम, आयरन और एंटीऑक्सीडेंट शामिल हैं। यही वजह है कि इसे पौष्टिक आहार का अच्छा हिस्सा माना जाता है।

सर्दियों में इस सूप को पीने से शरीर को गर्माहट का एहसास होता है। साथ ही, यह रोज के खाने में हरी सब्जियों को शामिल करने का एक आसान तरीका है। इसमें मौजूद पोषक तत्व सामान्य इम्यूनिटी और शरीर की सेहत बनाए रखने में भी योगदान देते हैं।

आप चाहें तो शाम के समय हल्की भूख लगने पर या रात के खाने में इस सूप को शामिल कर सकते हैं। हालांकि, अच्छी सेहत के लिए सिर्फ एक सूप पर निर्भर रहना सही नहीं है। रोजाना संतुलित भोजन करें, पर्याप्त नींद लें और अपनी दिनचर्या में थोड़ी एक्सरसाइज भी जरूर शामिल करें।