राजस्थान के जोधपुर की मावा कचौड़ी अपने लाजवाब स्वाद और खास बनावट के लिए जानी जाती है। बाहर से कुरकुरी और अंदर से मीठे मावे से भरी यह मिठाई हर उम्र के लोगों को पसंद आती है। चाशनी में डुबोने के बाद इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है। त्योहार हो या घर पर कुछ मीठा खाने का मन, मावा कचौड़ी एक बेहतरीन विकल्प है। अच्छी बात यह है कि इसे घर पर भी आसानी से बनाया जा सकता है। आइए जानते हैं इसकी पूरी विधि।
मावा कचौड़ी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
आटा तैयार करने के लिए
- 2 कप मैदा
- 4 बड़े चम्मच घी
- जरूरत के अनुसार पानी
मावे की स्टफिंग के लिए
- 1 कप मावा
- आधा कप पिसी हुई चीनी
- 2 बड़े चम्मच बारीक कटे बादाम और काजू
- आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर
चाशनी बनाने के लिए
- 1 कप चीनी
- आधा कप पानी
तलने के लिए
- जरूरत के अनुसार तेल या घी
कचौड़ी के लिए आटा कैसे करें तैयार ?
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा लें और उसमें घी डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए आटे को गूंथ लें। ध्यान रखें कि आटा न ज्यादा सख्त हो और न ही बहुत नरम। तैयार आटे को ढककर 15 से 20 मिनट तक रख दें। इससे आटा अच्छी तरह तैयार हो जाएगा और कचौरियों को आकार देना आसान रहेगा।
मीठे मावे की स्टफिंग बनाने का तरीका
एक कड़ाही में मावा डालकर धीमी आंच पर भूनें। इसे लगातार चलाते रहें, ताकि मावा नीचे से जले नहीं। जब इसका रंग हल्का बदलने लगे और अच्छी खुशबू आने लगे, तब गैस बंद कर दें। मावे को एक प्लेट में निकालकर पूरी तरह ठंडा होने दें।
अब इसमें पिसी चीनी, बारीक कटे बादाम-काजू और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें। ध्यान रखें कि मावा ठंडा होने के बाद ही चीनी मिलाएं। इससे भरावन का मिश्रण सही बना रहेगा और उसमें ज्यादा नमी नहीं आएगी।
कचौरियों में भरावन भरकर तलें
तैयार आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें। हर लोई को हल्का बेलें और उसके बीच में मावे का मिश्रण रखें। अब आटे के किनारों को इकट्ठा करके अच्छी तरह बंद कर दें, ताकि तलते समय भरावन बाहर न निकले। इसके बाद कचौरी को हल्के हाथों से दबाकर गोल आकार दें।
एक कड़ाही में तेल या घी गर्म करें। कचौरियों को धीमी से मध्यम आंच पर सुनहरा होने तक तलें। इन्हें बीच-बीच में पलटते रहें, ताकि सभी तरफ से अच्छी तरह सिक जाएं। कचौरियों को तेज आंच पर तलने से बचें, क्योंकि इससे बाहर की परत जल्दी भूरी हो सकती है और अंदर का हिस्सा ठीक से नहीं पक पाएगा।
चाशनी तैयार करके कचौरियों में भरें मिठास
चाशनी बनाने के लिए एक पैन में चीनी और पानी डालकर गर्म करें। इसे तब तक पकाएं, जब तक चीनी पूरी तरह घुल न जाए और चाशनी हल्की गाढ़ी न हो जाए। इसे बहुत ज्यादा गाढ़ा करने की जरूरत नहीं है। अब तली हुई कचौरियों को तैयार चाशनी में कुछ देर के लिए डुबोएं। इसके बाद इन्हें बाहर निकालकर प्लेट में रखें। ऊपर से कटे हुए बादाम और काजू डालकर सजाएं।
तैयार है जोधपुर की स्वादिष्ट मावा कचौड़ी
घर पर बनी कुरकुरी और मीठी मावा कचौड़ी परोसने के लिए तैयार है। इसे आप हल्का गर्म या ठंडा, अपनी पसंद के अनुसार खा सकते हैं। बेहतर स्वाद के लिए कचौरियों को धीमी आंच पर तलें और भरावन भरते समय किनारों को अच्छी तरह बंद करना न भूलें। इन आसान टिप्स की मदद से आप घर पर ही जोधपुर की मशहूर मिठाई का आनंद ले सकते हैं।
ये भी पढ़ें- केले के साथ भूलकर भी न रखें ये फल! जानिए इसके पीछे की वजह