नई दिल्ली: संविधान केवल सरकार चलाने का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिकों के अधिकारों और भारत की सामूहिक आकांक्षाओं का आधार है। संविधान के सम्मान और उसकी भावना को हर नागरिक तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। संविधान दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को नई दिल्ली में आयोजित 'संविधान गौरव दिवस' कार्यक्रम में ये बातें कहीं। इस दौरान उन्होंने संविधान की ऐतिहासिक विरासत, लोकतांत्रिक व्यवस्था, नक्सलवाद और समान नागरिक संहिता (UCC) जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी।

अमित शाह ने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक संविधान को केवल सरकार चलाने की नियमावली के रूप में देखा गया। उसकी मूल भावना को देश के किशोरों, युवाओं और आम नागरिकों तक पहुंचाने की दिशा में पर्याप्त प्रयास नहीं किए गए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया, ताकि संविधान के मूल्यों को देश के हर स्कूल, कॉलेज और नागरिक तक पहुंचाया जा सके।

 

'संविधान का सम्मान हर भारतीय की जिम्मेदारी'
गृह मंत्री ने कहा कि संविधान का सम्मान करना प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व और जिम्मेदारी का विषय है। संविधान निर्माताओं ने ऐसी व्यवस्था बनाई, जिसमें सत्ता जनता के माध्यम से मिलती है और जनता के माध्यम से ही बदलती है। उन्होंने कहा कि भारत में कई बार सत्ता परिवर्तन हुआ, लेकिन संवैधानिक प्रक्रिया के तहत यह सब बिना किसी खून-खराबे के संपन्न हुआ।

शाह ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने जनता को यह अधिकार दिया कि वह तय करे कि देश की सत्ता किसके हाथ में होगी। वहीं, सत्ता प्राप्त करने वालों के लिए भी स्पष्ट व्यवस्था बनाई गई कि उन्हें संविधान की सीमाओं में रहकर ही शासन करना होगा। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत का सपना पूरा करने के लिए संविधान के बताए रास्ते पर चलना जरूरी है।

संविधान की मूल प्रति में राम से लेकर नेताजी तक की तस्वीरों का जिक्र
अपने संबोधन में अमित शाह ने संविधान की मूल प्रति में बनी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक तस्वीरों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि संविधान को समझने के लिए केवल उसे हाथ में लेकर चलना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी मूल भावना को जानना भी जरूरी है।

शाह ने लोगों से संसद की लाइब्रेरी में रखी संविधान की मूल प्रति देखने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रसिद्ध कलाकार नंदलाल बोस ने संविधान की मूल प्रति के अलग-अलग अध्यायों की शुरुआत में भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन, भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, गुरु गोबिंद सिंह, रानी लक्ष्मीबाई, दांडी मार्च और नेताजी सुभाष चंद्र बोस से जुड़ी तस्वीरें बनाई हैं।

उन्होंने कहा कि लोगों को इन चित्रों को देखने के लिए कम से कम 10 से 15 मिनट निकालने चाहिए, ताकि वे संविधान में समाहित भारत की सभ्यतागत विरासत और स्वतंत्रता संग्राम की भावना को समझ सकें।

नक्सलवाद ने छीने लोगों के बुनियादी अधिकार: शाह
नक्सलवाद के प्रभाव का जिक्र करते हुए अमित शाह ने बस्तर का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि वहां उन्होंने ऐसे बुजुर्गों को देखा है, जिनके पास राशन कार्ड तक नहीं था। कई लोगों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं था और उनके घरों में बिजली तथा पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं थीं।

शाह ने कहा कि यह स्थिति बताती है कि नक्सलवाद ने लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों से कितना दूर कर दिया था। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति के कारण नक्सलवाद को खत्म करने की दिशा में काम हुआ और 21 करोड़ लोगों को उनके संवैधानिक अधिकार दिलाने का प्रयास किया गया।

BJP शासित राज्यों में लागू होगा समान नागरिक संहिता
समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर भी अमित शाह ने अपनी सरकार का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं ने समान नागरिक संहिता को राज्य के नीति-निर्देशक तत्वों में शामिल किया था। शाह के मुताबिक, देश के हर नागरिक को धर्म से ऊपर उठकर एक समान कानून के तहत जीवन जीने का अधिकार मिलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में जिन राज्यों में बीजेपी की सरकार है, वहां समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी। इस मुद्दे पर उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी निशाना साधा।

बेतिया में सम्राट चौधरी की सभा में 1000 से अधिक समर्थकों के साथ पहुंचे प्रतीक शर्मा, लोगों से की सभा में शामिल होने की अपील

महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का संकल्प दोहराया
अमित शाह ने संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस संवैधानिक संशोधन के रास्ते में बाधा बनती रही है।

शाह ने कहा कि बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि देश की महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण जरूर मिलेगा। उन्होंने कहा कि कोई भी इस संकल्प को रोक नहीं सकता।

कार्यक्रम में सामूहिक रूप से पढ़ी गई संविधान की प्रस्तावना
संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और अन्य उपस्थित लोगों के साथ अमित शाह ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ भी किया।

बता दें कि हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इसी दिन 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था। यह संविधान 26 जनवरी 1950 से देश में लागू हुआ। संविधान दिवस मनाने का उद्देश्य नागरिकों को संविधान के मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है। 

और पढ़ें:  संविधान दिवस पर PM मोदी का विपक्ष पर हमला, बोले- OBC आरक्षण घटाकर मुसलमानों को देना चाहता है विपक्ष