लखनऊ: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की तरफ से आयोजित ‘बहुजन स्वराज संकल्प महारैली’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा। सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की ओर से आ योजित इस रैली में ओवैसी के साथ आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद भी मौजूद थे।

इतनी बड़ी संख्या में लोगों का जुटना PM और CM के लिए एक संदेश 

इस रैली को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों का जुटना उत्तर प्रदेश की जनता के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए भी एक संदेश है। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि, 'आपके दिन खत्म होने वाले हैं।' ओवैसी ने कहा कि जनता अब अवसरवाद और धोखे की राजनीति का शिकार नहीं होगी। उन्होंने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को साझेदारी, भाईचारे और न्याय की शुरुआत बताया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इस गठबंधन की सफलता उम्मीद और सामाजिक न्याय की जीत होगी।

उत्तर प्रदेश में सामाजिक परिवर्तन की राजनीति: AIMIM प्रमुख ओवैसी 

AIMIM प्रमुख ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद का जिक्र करते हुए उन्हें उत्तर प्रदेश में सामाजिक परिवर्तन की राजनीति का प्रमुख चेहरा बताया। उन्होंने कहा कि इस गठबंधन का उद्देश्य वंचित और पिछड़े वर्गों को राजनीतिक भागीदारी दिलाना है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को याद करते हुए ओवैसी ने कहा कि भारतीय संविधान की प्रस्तावना 'हम भारत के लोग' से शुरू होती है। ओवैसी ने सामाजिक समानता, भाईचारे और न्याय को संविधान की बुनियादी भावना बताया। इस मौके पर ओवैसी ने कहा कि इस सभा ने  भाजपा के नेतृत्व को भी एक मैसेज दिया है कि लोग अब “मौकापरस्ती और धोखे” का शिकार नहीं होंगे।
 

ये भी पढ़ें- CM योगी की प्रदेशवासियों से अपील, बोले- अधिकारों के साथ कर्तव्यों को भी याद रखें