UP elections 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच सपा ने अपना चुनावी एजेंडा सामने रख दिया है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को लखनऊ में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में 'PDA का प्रणपत्र' जारी किया। इस मौके पर सपा के कई दिग्गज नेता एक मंच पर नजर आए। खास बात यह रही कि कार्यक्रम से पहले आजम खान ने अखिलेश यादव से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उनके बेटे अब्दुल्ला आजम भी मौजूद रहे।
प्रणपत्र जारी करने से पहले आजम खान ने मीडिया से बातचीत में सियासी माहौल को लेकर दिलचस्प अंदाज में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एक नई सुबह आने वाली है और उसका स्वागत करना चाहिए। आजम खान के इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में चर्चा बढ़ा दी है।
'नई सुबह आने वाली है, उसका स्वागत कीजिए'
अखिलेश यादव से मुलाकात के लिए पहुंचने से पहले आजम खान ने पत्रकारों से कहा, "एक नई सुबह आने वाली है। उसका स्वागत कीजिए।" इस दौरान जब उनसे AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के उस बयान को लेकर सवाल किया गया, जिसमें उन्होंने यूपी का अगला उपमुख्यमंत्री मुस्लिम होने की बात कही थी, तो आजम खान ने अपने खास अंदाज में जवाब दिया।
उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, "मेरा नाम घोषित कर दीजिए, मुझे प्रधानमंत्री बना दीजिए या कम से कम मेरे नाम में वजीर जोड़ दीजिए। आजम तो मैं पहले से ही हूं।"
आजम खान की इस टिप्पणी पर राजनीतिक चर्चा शुरू हो गई। वहीं, अखिलेश यादव के साथ उनकी मुलाकात को भी इस कार्यक्रम के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
एक मंच पर दिखे सपा के दिग्गज नेता
'PDA का प्रणपत्र' जारी करने के कार्यक्रम में सपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। मंच पर अखिलेश यादव के साथ आजम खान, डिंपल यादव, पार्टी महासचिव शिवपाल यादव और राजेंद्र चौधरी नजर आए। इसके अलावा पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन, अयोध्या से सांसद अवधेश प्रसाद और सपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय भी प्रणपत्र से जुड़े कार्यक्रम में पहुंचे। पार्टी के प्रवक्ता और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
'मुझे प्रधानमंत्री बना दें', आजम खान ने ओवैसी-चंद्रशेखर की रैली में कसा तंज
कांग्रेस के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ेगी सपा
2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी कांग्रेस के साथ गठबंधन करके मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। हालांकि, दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर अभी बातचीत जारी है। सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती दौर की चर्चा में सपा ने कांग्रेस को 26 सीटें देने का प्रस्ताव दिया है, जबकि कांग्रेस 120 सीटों की मांग कर रही है और इससे कम पर सहमत नहीं बताई जा रही है। ऐसे में गठबंधन के सामने सीटों का बंटवारा तय करना एक बड़ी चुनौती बना हुआ है।
दो चुनावों की हार के बाद सत्ता में वापसी की तैयारी
समाजवादी पार्टी 2027 के चुनाव में सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही है। पार्टी को 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में लगातार हार का सामना करना पड़ा था। पिछले विधानसभा चुनाव में सपा ने 111 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
अब 'PDA का प्रणपत्र' के जरिए पार्टी ने अपने चुनावी एजेंडे को सामने रखा है। अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा किस रणनीति के साथ चुनावी मैदान में उतरती है और कांग्रेस के साथ सीटों का समझौता किस रूप में तय होता है, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।
और पढ़ें: लखनऊ रैली में ओवैसी का PM मोदी और CM योगी पर हमला, बोले- 'आपके दिन खत्म होने वाले हैं'