5 Silent Treatment Signs: रिश्ते में हर बात पर सहमत होना जरूरी नहीं है। कभी-कभी पार्टनर के बीच बहस, नाराजगी होना सामान्य बात है। लेकिन जब कोई पार्टनर अपनी नाराजगी जाहिर करने के बजाय ,जानबूझकर आपको नजरअंदाज करने लगता है, तो मेंटल हेल्थ पर इसका असर पड़ता है। मन में कई सवाल आने लगते हैं कि आखिर गलती क्या हुई, पार्टनर बात क्यों नहीं कर रहा और कभी कबार तो हम अपने आप को दोषी ठहराने लगते है।
जानबूझकर आपको नजरअंदाज करना
अगर किसी बात पर बहस होने के बाद आपका पार्टनर अचानक आपको नजरअंदाज करने लगे, तो यह साइलेंट ट्रीटमेंट का एक संकेत हो सकता है। आपके पार्टन पास से ऐसे गुजरते हैं, जैसे आप वहां मौजूद ही नहीं हैं। कई बार वे जानबूझकर फोन में व्यस्त होने लगते हैं या आपके बातचीत शुरू करने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं देते।
हर सवाल का एक शब्द में जवाब देना
पहले आपका पार्टनर आपसे खुलकर बातें करता था, लेकिन अब हर सवाल का जवाब सिर्फ एक शब्द में देता है। आप पूछते हैं कि दिन कैसा रहा, तो जवाब मिलता है 'ठीक'। आप पूछते हैं कि क्या हुआ, तो कहते हैं 'कुछ नहीं'। बातचीत आगे बढ़ाने की कोशिश करने पर भी वे कोई दिलचस्पी नहीं दिखाते।
दूसरों के साथ सामान्य, लेकिन आपके साथ ठंडा व्यवहार
साइलेंट ट्रीटमेंट का एक महत्वपूर्ण संकेत सेलेक्टिव वार्मथ भी हो सकता है। इसका मतलब है कि आपका पार्टनर दोस्तों, परिवार और ऑफिस के लोगों के साथ हंसकर बात करता है, लेकिन आपके सामने आते ही उसका व्यवहार बदल जाता है। वह दूसरों के मैसेज का तुरंत जवाब देता है, लेकिन आपके मैसेज को घंटों तक अनदेखा कर सकता है। दूसरों के साथ उसका व्यवहार सामान्य रहता है, जबकि आपके साथ वह ठंडापन दिखाता है।
बिना कोई वजह बताए लंबे समय तक चुप रहना
हर व्यक्ति को कभी-कभी अपने विचार समझने और गुस्सा शांत करने के लिए समय चाहिए होता है। लेकिन अगर आपका पार्टनर बिना कुछ बताए घंटों, दिनों या उससे भी ज्यादा समय तक बातचीत बंद कर देता है, तो यह चिंता का विषय हो सकता है। वह न तो अपनी नाराजगी की वजह बताता है और न ही यह स्पष्ट करता है कि कब बातचीत करेगा।
चुप्पी के साथ नाराजगी भरी बॉडी लैंग्वेज दिखाना
कई बार पार्टनर बिना कुछ कहे अपनी नाराजगी जाहिर करता है। वह आपसे मुंह फेर सकता है, आंखें घुमा सकता है, हाथ बांधकर बैठ सकता है या आपकी बात सुनते समय गहरी आहें भर सकता है। आप बातचीत शुरू करने की कोशिश करते हैं, लेकिन उसके चेहरे और शारीरिक हाव-भाव से साफ महसूस होता है कि वह आपसे बात नहीं करना चाहता।
साइलेंट ट्रीटमेंट रिश्ते को कैसे प्रभावित करता है?
लगातार नजरअंदाज किए जाने से व्यक्ति के मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। खासतौर पर तब, जब उसे यह समझ न आए कि पार्टनर उससे नाराज क्यों है।
साइलेंट ट्रीटमेंट एक इमोशनल मैनिपुलेशन!
अगर कोई व्यक्ति बार-बार जानबूझकर चुप्पी का इस्तेमाल आपको सजा देने, नियंत्रित करने या अपनी बात मनवाने के लिए करता है, तो इसे इमोशनल मैनिपुलेशन माना जा सकता है। यह व्यवहार रिश्ते में असंतुलन पैदा कर सकता है।
हालांकि, हर बार चुप रहना मैनिपुलेशन नहीं होता। कभी-कभी व्यक्ति को अपनी भावनाओं को समझने के लिए समय चाहिए होता है। फर्क उसकी मंशा, व्यवहार की निरंतरता और बाद में बातचीत करने की इच्छा से समझा जा सकता है।
पार्टनर साइलेंट ट्रीटमेंट में क्या करें?
ऐसी स्थिति में गुस्से में प्रतिक्रिया देने या बार-बार बातचीत के लिए दबाव बनाने के बजाय अपनी भावनाओं और सीमाओं को समझना जरूरी है।
1. बार-बार जवाब मांगने के लिए पीछा न करें
अगर आपका पार्टनर बात नहीं करना चाहता, तो लगातार फोन करना, मैसेज भेजना या उसके पीछे-पीछे जाना स्थिति को और तनावपूर्ण बना सकता है। उसे थोड़ा समय दें, लेकिन अपनी भावनात्मक शांति को भी प्राथमिकता दें।
2. अपनी बात शांत तरीके से रखें
जब दोनों शांत हों, तब पार्टनर को बताएं कि उसकी चुप्पी आपको कैसा महसूस कराती है।
3. अपनी सीमाएं स्पष्ट करें
पार्टनर को बताएं कि आप उसकी भावनाओं और निजी स्पेस का सम्मान करते हैं, लेकिन लगातार नजरअंदाज किया जाना स्वीकार नहीं कर सकते। रिश्ते में दोनों की भावनाओं को महत्व मिलना चाहिए।
4. हर बार खुद को दोषी न मानें
पार्टनर के चुप रहने का मतलब यह नहीं है कि हर गलती आपकी ही है। किसी भी विवाद में दोनों की भावनाओं और बातों को समझना जरूरी होता है। सिर्फ रिश्ते में शांति बनाए रखने के लिए अपनी जरूरतों को नजरअंदाज न करें।
जरूरत पड़ने पर प्रोफेशनल मदद लें
अगर साइलेंट ट्रीटमेंट बार-बार हो रहा है और इससे आपके मानसिक स्वास्थ्य या रिश्ते पर गंभीर असर पड़ रहा है, तो किसी रिलेशनशिप काउंसलर या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ की मदद लेना उपयोगी हो सकता है। अगर चुप्पी के साथ धमकी, डराना, अपमान या नियंत्रण करने वाला व्यवहार भी मौजूद है, तो अपनी सुरक्षा और भरोसेमंद लोगों की मदद को प्राथमिकता दें।
एक हेल्दी रिश्ते में दोनों पार्टनर को अपनी भावनाएं व्यक्त करने, असहमति जताने और सम्मान के साथ बातचीत करने का अधिकार होता है। याद रखें, किसी भी रिश्ते को बचाने की जिम्मेदारी सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं होती। प्यार के साथ सम्मान, भरोसा और खुलकर बातचीत करना भी उतना ही जरूरी है।
ये भी पढ़ें: 1950 के बाद पहली बार क्यूबा में गिरी औसत उम्र, WHO ने बताई ये बड़ी वजह!