आजकल Solo Trip का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है। लोग अकेले नई जगहों को एक्सप्लोर करने, खुद के साथ समय बिताने और अपनी पसंद के मुताबिक घूमने के लिए सोलो ट्रैवल प्लान करते हैं। अकेले सफर में किसी की पसंद-नापसंद के हिसाब से चलने की जरूरत नहीं होती और आप अपनी सुविधा के अनुसार यात्रा का आनंद ले सकते हैं। हालांकि, सोलो ट्रिप के दौरान आजादी के साथ अपनी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी खुद की होती है। खासकर अगर आप पहली बार अकेले यात्रा करने जा रहे हैं, तो कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।

जाने से पहले पूरी तैयारी करें

सोलो ट्रिप पर निकलने से पहले अपनी डेस्टिनेशन के बारे में अच्छी तरह जानकारी हासिल करें। वहां का मौसम, स्थानीय परिवहन, होटल की लोकेशन और आसपास की जरूरी जगहों के बारे में पहले से पता कर लें। कोशिश करें कि किसी अनजान शहर में रात के समय पहुंचने के बजाय दिन में पहुंचें।

रहने की जगह पहले से बुक करें और होटल का पता फोन में सेव रखने के साथ किसी भरोसेमंद व्यक्ति को भी भेज दें। टिकट, पहचान पत्र, होटल बुकिंग और अन्य जरूरी दस्तावेजों की डिजिटल कॉपी फोन में रखें। बहुत ज्यादा सामान लेकर जाने से बचें, क्योंकि अकेले सफर में सामान संभालना मुश्किल हो सकता है।

अनजान लोगों पर तुरंत भरोसा न करें

सोलो ट्रिप के दौरान नए लोगों से मिलना यात्रा का अच्छा अनुभव हो सकता है, लेकिन हर किसी पर तुरंत भरोसा करना ठीक नहीं है। अपनी निजी जानकारी, होटल का कमरा, यात्रा का पूरा प्लान या आर्थिक स्थिति किसी अनजान व्यक्ति से शेयर न करें।

अगर कोई जगह सुनसान या असुरक्षित महसूस हो रही है, तो वहां अकेले जाने से बचें। खासकर रात के समय भीड़भाड़ और सुरक्षित इलाकों को प्राथमिकता दें। कैब या ऑटो लेते समय वाहन और ड्राइवर की जानकारी जरूर जांच लें। कुछ भी संदिग्ध लगे तो वहां रुकने के बजाय तुरंत सुरक्षित जगह पर जाएं।

परिवार को देते रहें अपडेट

सोलो ट्रिप पर जाते समय परिवार या किसी करीबी दोस्त को अपनी यात्रा की जानकारी जरूर दें। उन्हें होटल का पता, यात्रा की तारीख और जरूरी संपर्क नंबर भेजकर रखें। दिन में कम से कम एक बार अपनी स्थिति या लोकेशन के बारे में उन्हें अपडेट करना बेहतर है।

ये भी पढ़ें: खाने के तुरंत बाद नहाना सही या गलत? जानिए शरीर पर क्या होता है!

फोन की बैटरी खत्म न हो, इसके लिए पावर बैंक साथ रखें। इंटरनेट की सुविधा न मिलने वाली जगहों के लिए जरूरी रास्ते, होटल का पता और इमरजेंसी नंबर पहले से सेव कर लें। बहुत ज्यादा कैश रखने के बजाय कार्ड या सुरक्षित ऑनलाइन पेमेंट का इस्तेमाल करें।

सुरक्षा को न करें नजरअंदाज

सोलो ट्रिप का मकसद नई जगहों को खुलकर एक्सप्लोर करना और यादगार अनुभव जुटाना है, लेकिन इसके लिए सुरक्षा से समझौता नहीं करना चाहिए। थोड़ी सी प्लानिंग, सतर्कता और सावधानी के साथ आप अपनी यात्रा को न सिर्फ सुरक्षित बल्कि ज्यादा आरामदायक और यादगार भी बना सकते हैं।