BRICS 2026: आज दिल्ली में मंगलवार 1 सितंबर को BRICS शिखर सम्मेलन 2026 की तैयारियों के तहत मोटर कारकेड रिहर्सल की जाएगी। रिहर्सल के चलते सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नई दिल्ली, मध्य दिल्ली, दक्षिण दिल्ली और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन और वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी नियंत्रण रहेगा। ऐसे में दोपहर के समय घर से निकलने वाले लोगों को प्रभावित रास्तों से बचने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है।
VVIP काफिले की आवाजाही का होगा परीक्षण
स्पेशल सीपी ट्रैफिक अजय चौधरी के मुताबिक, रिहर्सल का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि VVIP मोटर काफिला होटल से भारत मंडपम तक पहुंचने में कितना समय लेता है। इसके अलावा पूरे रूट पर यातायात की स्थिति, संभावित जाम वाले स्थानों और काफिले की आवाजाही के दौरान आने वाली चुनौतियों का भी आकलन किया जाएगा। रिहर्सल के परिणामों के आधार पर उन स्थानों की पहचान की जाएगी, जहां BRICS सम्मेलन के दौरान ट्रैफिक मैनेजमेंट में अतिरिक्त बदलाव या व्यवस्था की जरूरत पड़ सकती है।
22 डायवर्जन प्वाइंट की भी होगी जांच
BRICS Summit के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 22 प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट चिन्हित किए हैं। जरूरत पड़ने पर इन प्वाइंट से वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर भेजा जाएगा। मोटर कारकेड की रिहर्सल के दौरान इन डायवर्जन प्वाइंट की व्यवस्था और उनके प्रभाव का भी परीक्षण किया जाएगा, ताकि वास्तविक सम्मेलन के दौरान ट्रैफिक संचालन में किसी तरह की परेशानी न हो।
नई दिल्ली और मध्य दिल्ली में इन रास्तों पर असर
नई दिल्ली और मध्य दिल्ली के कई महत्वपूर्ण हिस्सों में यातायात प्रतिबंध लगाए जाएंगे। डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक से मथुरा रोड और तिलक मार्ग की ओर जाने वाली आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। राम चरण अग्रवाल चौक से W-पॉइंट की तरफ कमर्शियल वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। वहीं मीर दर्द चौक पर महाराजा रणजीत सिंह मार्ग भी यातायात के लिए बंद रहेगा। कनॉट प्लेस के आसपास भी यात्रियों को सावधानी बरतने की जरूरत है। कस्तूरबा गांधी मार्ग और आउटर सर्कल से C-हेक्सागन की ओर जाने वाले वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा।
पटेल चौक और RML के आसपास भी डायवर्जन
पटेल चौक पर संसद मार्ग से विंडसर प्लेस और RBI की ओर जाने वाले यातायात को नियंत्रित किया जाएगा। इसके अलावा RML अस्पताल गोलचक्कर से मदर टेरेसा क्रीसेंट और तालकटोरा रोड की तरफ जाने वाले वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रहेगी।
दक्षिण और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में भी बदलाव
दक्षिण और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर भी डायवर्जन रहेगा। वंदे मातरम-साइमन बोलिवर मार्ग, धौला कुआं फ्लाईओवर, मोती बाग फ्लाईओवर और अफ्रीका एवेन्यू के आसपास यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। अरबिंदो मार्ग को मदरसा टी-पॉइंट से बंद रखा जाएगा। इसके अलावा लोधी रोड के कई इंटरसेक्शन पर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
ये भी पढ़ें: जयपुर नगर निगम चुनाव में BJP का बड़ा दांव! मैदान में उतारे 8 मुस्लिम उम्मीदवार
मथुरा रोड और रिंग रोड पर भी सावधानी
मथुरा रोड पर लोधी फ्लाईओवर के नीचे, नीला गुंबद और ओबेरॉय फ्लाईओवर के आसपास भारत मंडपम की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्तों पर भेजा जाएगा। रिंग रोड-भैरों रोड और मंडी हाउस के आसपास भी ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा।
दोपहर में निकलने से पहले रूट जरूर जांचें
ट्रैफिक रिहर्सल के दौरान प्रतिबंध कुछ समय के लिए लागू किए जा सकते हैं और काफिले की आवाजाही के अनुसार यातायात को नियंत्रित किया जा सकता है। इसलिए 1 सितंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच नई दिल्ली और मध्य दिल्ली की ओर यात्रा करने वालों को प्रभावित मार्गों से बचने, अतिरिक्त समय लेकर चलने और निकलने से पहले ताजा ट्रैफिक अपडेट जांचने की सलाह दी जाती है।